FEATUREDGeneralLatestNewspputtarakhandदेहरादून।मौसम

उत्तराखंड में खिली धूप से बढ़ी गर्मी: पहाड़ों पर हल्की बौछारें, 26 सितंबर से बदल सकता है मौसम का मिजाज।

देहरादून  संवाददाता। 

​देहरादून: उत्तराखंड में इन दिनों मौसम शुष्क बना हुआ है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिनभर तेज धूप निकलने के चलते तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। चटक धूप के कारण मैदानी इलाकों में गर्मी और उमस का असर बढ़ गया है, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बौछारें पड़ने से राहत बनी हुई है।

​मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक राज्यभर में मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही रहने की संभावना है। हालांकि, ऊंचाई वाले पहाड़ी जिलों में छिटपुट वर्षा देखने को मिल सकती है। पूर्वानुमान के मुताबिक सोमवार को चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश अथवा गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं, जबकि बाकी जिलों में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा।

  • ​मानसून की विदाई की प्रक्रिया शुरू

मौसम विभाग ने बताया कि देश से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। राजस्थान के बड़े हिस्से से मानसून विदा हो चुका है और अगले दो से तीन दिनों में पंजाब और गुजरात के सौराष्ट्र-कच्छ क्षेत्र से भी इसकी वापसी के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हैं।

  • ​26 सितंबर को हो सकती है बारिश

वर्तमान मौसमी परिस्थितियों के मद्देनजर उत्तराखंड में अभी किसी बड़े या व्यापक वर्षा दौर की संभावना नहीं है। हालांकि, 26 सितंबर को प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश की गतिविधि देखने को मिल सकती है। तब तक मैदानी क्षेत्रों में पारे के चढ़ने से लोगों को तेज धूप और गर्मी का सामना करना पड़ेगा।

Share This News