एकीकृत आजीविका सहयोग परियोजना के माध्यम से सुधर रही आर्थिकी, बढ़ रहे स्वरोजगार
उत्तराखण्ड
पिथौरागढ़ न्यूज होम लाइव नेटवर्क।
एकीकृत आजीविका सहयोग परियोजना के माध्यम से सुधर रही आर्थिकी, बढ़ रहे स्वरोजगार
पिथौरागढ। जिलाधिकारी डा० विजय कुमार जोगदण्डे द्वारा विकास भवन सभागार में एकीकृत आजीविका सहयोग परियोजना द्वारा सम्पादित कार्यो की समीक्षा की गई। बैठक में विकासखण्ड बिण, मूनाकोट एवं कनालीछीना में चल रही परियोजना की जानकारी देते हुए प्रभागीय परियोजना प्रबंधक कुलदीप सिंह बिष्ट द्वारा बताया कि परियोजनान्तर्गत गठित 16 सहकारिताओं द्वारा कुल रू0 9 करोड़ 36 लाख का व्यवसाय किया गया है। जिसके सापेक्ष सहकारिताओं को रू0 84 लाख 23 हजार का शुद्ध लाभ अर्जित किया गया है। वर्तमान में सहकारिताओं के साथ 10 हजार से अधिक सदस्य जुडे़ हुए हैं। उन्होंने बताया कि परियोजना के तहत जिले के बालाकोट गांव में डेमस्क रोज (गुलाब की खेती) आधारित ग्रोथ सेन्टर का निर्माण कार्य पूर्ण किया जा चुका है तथा मशीनों को क्रय कर लिया गया है। साथ ही भटेडी गांव में पौल्ट्री गौड़ीहाट में मसाला तथा कनालीछीना में फल प्रसंस्करण ग्रोथ सेंटर की स्वीकृति उपरान्त शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारम्भ कर लिया जाएगा। जिलाधिकारी द्वारा परियोजना के तहत हो रहे कार्यो की सराहना करते हुए कहा कि सहकारिताओं के माध्यम से जुडे़ 10 हजार से अधिक सदस्यों को सी0सी0एल0, किसान क्रेडिट कार्ड व टर्म लोन की सुविधा देने के साथ ही उनको बैंक लिंकेज कराए जाने की आवश्यकता है।जिससे कि किसानों की आय दोगुनी करने हेतु छोटे एवं मध्यम उद्यमों की स्थापना की जा सके। इस हेतु जिलाधिकारी द्वारा परियोजना प्रबन्धक.आई०एल०एस०पी० लीड बैंक मैनेजर व नाबार्ड को निर्देश प्रदान किए गए।
साथ ही जिलाधिकारी द्वारा उपस्थित रेखीय विभागों के माध्यम से परियोजना द्वारा गठित समूहों को व समूह सदस्यों को तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किए जाने हेतु उपस्थित रेखीय विभागों को निर्देश प्रदान किए गए।
जिलाधिकारी द्वारा परियोजना द्वारा वित्तपोषित व कृषि तथा उद्यान विभाग के माध्यम से संचालित किए जा रहे नवाचार प्रोजेक्टों को शीघ्र पूर्ण करने हेतु मुख्य कृषि अधिकारी व मुख्य उद्यान अधिकारी को निर्देशित किया गया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी,मुख्य कृषि अधिकारी, मुख्य उद्यान अधिकारी, परियोजना निदेशक-डी०आर०डी०ए०, एल०डी०एम० नाबार्ड, लीड बैंक अधिकारी सहित समस्त विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


