एक मई से 18 साल से अधिक उम्र के सभी लोगों को वैक्सीन दी जायेगी।

न्यूज होम लाइव नेटवर्क:-
दिल्ली। कोरोना की दूसरी लहर के बीच केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. एक मई से सभी व्यस्कों को कोरोना की वैक्सीन दी जाएगी. देखा जाए तो यह कोरोना वैक्सीनेशन का तीसरा चरण होगा. पहले चरण में उच्च जोखिम वर्ग के 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को वैक्सीन दी गई. फिर दूसरे चरण में 45 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोगों को वैक्सीन दी जा रही है. और अब एक मई से 18 साल से ऊपर के हरेक व्यक्ति को वैक्सीन दी जाएगी। देश में कोवैक्सीन (Covaxin) या कोविशिल्ड (Covishield) के टीके लगाए जा रहे हैं. सरकार की ओर से कई बार बताया जा चुका है कि वैक्सीन लगवाने के लिए कैसे रजिस्ट्रेशन किया जा सकता है?
अब, जबकि एक मई से 18 साल से अधिक उम्र के सभी लोगों को वैक्सीन दी जानी है, तो ऐसे में एक बार फिर से पूरी प्रक्रिया को समझना जरूरी है. कई राज्यों से आ रही वैक्सीन शॉर्टेज की खबरों के बाद सरकार ने पर्याप्त स्टॉक को लेकर आश्वस्त किया है. जरूरत और मांग के मुताबिक, वैक्सीन की आपूर्ति की जा रही है. बहरहाल, आइए जानते हैं कि अगर आप भी कोरोना वैक्सीन लगाना चाहते हैं तो आपको कैसे क्या करना होगा.
वैक्सीन के लिए रजिस्ट्रेशन कैसे करा सकते हैं?
रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया बहुत ही आसान है. अपने मोबाइल फोन या कंप्यूटर से https://selfregistration.cowin.gov.in/ पर लॉगिन करें. यहां आपको अपने मोबाइल नंबर के साथ रजिस्ट्रेशन करना होगा. पोर्टल के जरिए निर्धारित समय सीमा में आप वैक्सीन के लिए रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे. एक मोबाइल फोन से अधिकतम चार लोग वैक्सीनेशन के लिए रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं.

