खेत में पानी लगाने गए किसान की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी

न्यूज लाइव संवाददाता यशपाल दिवाकर:–
बरेली खेत में पानी लगाने गए किसान की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। हत्यारों ने किसान के माथे पर गोली मारी जिससे उसका सिर फट गया। सुबह शौच को गए लोगों ने जब मृतक का शव देखा तो वहां हंगामा मच गया। शीशगढ़ के खमरिया गांव निवासी नरेंद्र गंगवार (32) रविवार रात खेत में पानी लगाने गए थे। रात में बदमाश ने नरेंद्र को पकड़ा और उनके सिर पर तमंचा तानकर गोली मार दी। इससे नरेंद्र के सिर बुरी तरह से फट गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सोमवार सुबह जब गांव के लोग शौच को खेत में गए तो नरेंद्र का शव देखकर वहां लोगों की भीड़ जुट गई। नरेंद्र की मौत की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। एसपी देहात डॉ. सतीश कुमार ने बताया कि नरेंद्र के हत्यारों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। हालांकि परिवार ने किसी रंजिश से इनकार किया है।

