गंगाजल लेकर कसम खाना स्टंट मात्र है — अमित जोगी
अरविन्द तिवारी/ मुकेश भारती की रिपोर्ट
रायपुर — छग में चुनावी राजनीति माहौल में सभी पार्टियों के नेता मौका मिलते ही एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाने से नही चूक रहे हैं । इसी कड़ी में आज मरवाही विधायक अमित जोगी ने दिल्ली से छत्तीसगढ़ आये कुछ कांग्रेसियों द्वारा गंगा जल लेकर कसम खाने को केवल एक हास्यास्पद और ढ़ोंगपूर्ण हरकत बताते हुये कहा कि कर्नाटक में दस दिनों में किसानों का कर्ज माफ करने का वादा करने वाली कांग्रेस पार्टी को सत्ता सम्हाले लगभग छ: महीने हो गये हैं लेकिन किसानों का कर्जा माफ तो दूर, कर्ज नही पटाने के लिए उन्हें अदालती वारंट भेजकर सरकार द्वारा गिरफ्तार किया जा रहा है। जिसके विरोध में पूरे कर्नाटक में किसान संगठन आंदोलन कर रहे हैं। वही हाल पंजाब का है। किसानों का ऋण माफ आज तक ज़मीनी स्तर पर लागू नही हो पाया है।
अमित जोगी ने कहा कि उत्तरप्रदेश और दिल्ली से आये कांग्रेस के टूरिस्ट नेताओं द्वारा हाथ में गंगा जल लेकर कसम खाना सरासर नाटकीय और ढ़ोंगपूर्ण हरकत है। कांग्रेस के एक भी वरिष्ठ स्थानीय नेता, पदाधिकारी या विधायक प्रत्याशी की अनुपस्थिति में कसम खाने का औचित्यहीन कृत्य केवल मीडिया अटेंशन पाने किया गया एक स्टंट मात्र है। अगर कांग्रेस में हिम्मत है तो अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष का शपथ पत्र छत्तीसगढ़ की जनता को लाकर दें।

