देवाल में बढ़ती महंगाई और जनसमस्याओं के खिलाफ कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, सड़क बीआरओ को सौंपने की उठी मांग।

थराली/देवाल (हरेंद्र बिष्ट)। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी देवाल ने बुधवार को देश एवं राज्य में बढ़ती महंगाई, मनरेगा में किए गए बदलावों और स्थानीय जनसमस्याओं को लेकर उग्र जुलूस-प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए जनहित से जुड़े मुद्दों के तत्काल समाधान की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों ने ग्वालदम-नंदकेशरी-देवाल-वांण-तपोवन मोटर मार्ग को तत्काल सीमा सड़क संगठन (BRO) को हस्तांतरित करने की प्रमुख मांग उठाई। नेताओं ने इस मार्ग को पूरे पिंडर और नंदानगर-घाट क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इसे बीआरओ को सौंपने से सीमांत क्षेत्रों में सड़क कनेक्टिविटी मजबूत होगी और स्थानीय लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। इस मांग पर सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों के कार्यकर्ता सहमत नजर आए। आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए कांग्रेस के इस शक्ति प्रदर्शन को बेहद अहम माना जा रहा है।
प्रदर्शन के उपरांत आयोजित बैठक में संगठन का विस्तार करते हुए राधा देवी को सर्वसम्मति से महिला कांग्रेस कमेटी देवाल का ब्लॉक अध्यक्ष मनोनीत किया गया। इसके अलावा अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के अध्यक्ष दलीप कुमार, राजीव गांधी पंचायत प्रकोष्ठ के ब्लॉक अध्यक्ष धर्म सिंह कोटड़ी और जिला सचिव कुंदन राम को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी गई।
बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस सहकारिता प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष महावीर बिष्ट ने सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है और मनरेगा में लागू ऑनलाइन हाजिरी व्यवस्था से ग्रामीण मजदूरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष कमल गाड़िया, नवनियुक्त महिला अध्यक्ष राधा देवी, प्रधान संघ अध्यक्ष खिलाप सिंह, गोविंद सिंह पांगती, पूर्व प्रमुख डीडी कुनियाल, इंद्र सिंह राणा, कंचन बिष्ट, महेश शंकर त्रिकोटी, प्रदीप दानू, राकेश मिश्रा, सचिन परिहार, जय सिंह नेगी, अनीता देवी, हंसी देवी, धर्म सिंह, पुष्कर परिहार, भूपाल सिंह परिहार, बलवंत सिंह, लखपत परिहार, उर्वी दत्त जोशी, जगदीश राम, भरत राम सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

