FEATUREDGeneralLatestNewspputtarakhandथराली

नंदा सिद्धपीठ कुरूड़ से कैलाश यात्रा: चौथे पड़ाव पर पहुंचीं मां नंदा की तीनों डोलियां, चमोली जिले में नंदामय माहौल।

हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट। 

​थराली/नंदाधाम कुरूड़ नंदा सिद्धपीठ कुरूड़ से कैलाश धाम की पावन यात्रा पर निकली श्री नंदा राजराजेश्वरी बड़ी जात यात्रा अपने चरम उत्साह पर है। यात्रा के तहत नंदा देवी की तीनों उत्सव डोलियां अपने-अपने तय रूटों से गुजरते हुए चौथे पड़ाव पर पहुंच गई हैं। पूरे यात्रा मार्ग पर गांवों और कस्बों में श्रद्धालुओं ने ढोल-दमाऊ की थाप और जयकारों के साथ देव डोलियों का भव्य एवं पारंपरिक स्वागत किया।

​भक्तों ने स्थानीय उत्पादों—काखड़ी, मुगरी, कलेऊ और खाजा—को पवाड़ा एवं भेंट स्वरूप डोलियों को अर्पित कर पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की मनौतियां मांगी। इस दौरान कई गांवों में ‘नंदा कौथिंग’ (पारंपरिक मेलों) और रात्रि जागरणों का भव्य आयोजन किया जा रहा है, जिससे इन दिनों पूरे चमोली जिले का वातावरण पूरी तरह ‘नंदामय’ बना हुआ है।

​तीन परगना डोलियों की यात्रा की अद्यतन स्थिति

  • ​1. दशोली परगना की उत्सव डोली

​यात्रा अपडेट: मंगलवार (द्वादशी) को नंदानगर के काण्डई गांव पहुंची डोली बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे अगले पड़ाव के लिए रवाना हुई। काण्डई, खलतरा, मोठा और चाका होते हुए करीब 15 किलोमीटर की पैदल यात्रा तय कर देर शाम सेमा गांव पहुंची।

​अगला पड़ाव: बुधवार को यह डोली सेम, बैरासकुंड, इतमोली और दूबड़खेत होते हुए अपने 5वें पड़ाव मटेई गांव पहुंचेगी।

​प्रमुख उपस्थिति: यात्रा में मंदिर कमेटी कुरूड़ के अध्यक्ष सुखबीर सिंह रौतेला, पुजारी मुंशी चंद्र गौड़, दिनेश गौड़, राजेंद्र प्रसाद गौड़, गोविंद गौड़, प्रकाश गौड़, जनार्दन गौड़ तथा बीरेंद्र बिष्ट सहित कई श्रद्धालु साथ चल रहे हैं।

  • ​2. बधाण पट्टी की उत्सव डोली

​यात्रा अपडेट: डोली अपने तीसरे पड़ाव उस्तोली से प्रस्थान कर सरपाणी और लाखी होते हुए करीब 8 किलोमीटर का सफर तय कर चौथे पड़ाव भेटी गांव पहुंची।

​अगला पड़ाव: बुधवार को यात्रा 15 किलोमीटर की पैदल दूरी तय कर सोल डुंग्री गांव पहुंचेगी, जहां रात्रि प्रवास के दौरान भव्य देवी जागरण और स्तुति का आयोजन किया जाएगा।

  • ​3. परगना बण्ड की उत्सव डोली

​यात्रा अपडेट: दिगोली गांव से रवाना होकर ल्वाह, क्योठा, गड़ोरा, मल्ला और आक्थला होते हुए 12 किलोमीटर की दूरी तय कर डोली नोरख गांव पहुंची। नोरख गांव में रात्रि प्रवास के दौरान विशेष पूजा और जागरण आयोजित हुआ।

​अगला पड़ाव: बुधवार को डोली नोरख से रवाना होकर मल्ला, अक्थला और नंदा देवी मंदिर (नंदुली) रैतोली के रास्ते 16 किलोमीटर तय कर कम्यार गांव पहुंचेगी।

​ध्याणियों में भारी उत्साह, गूंज रहे झोड़े और चाचड़ी

​मां नंदा के दर्शनों और विदाई के लिए दूर-दराज के गांवों व कस्बों से भारी संख्या में ध्याणियां (बेटियां और बहनें) पड़ाव वाले गांवों में पहुंच रही हैं। गांवों में लाउडस्पीकरों के माध्यम से नंदा देवी के प्रसिद्ध स्तुति गीत बजाए जा रहे हैं, जबकि ग्रामीण महिलाएं पारंपरिक झोड़े और चाचड़ी गाकर मां भगवती की आराधना कर रही हैं। डोलियों के साथ चल रहे कुरूड़ के पुजारी विधिवत रूप से श्रद्धालुओं की पूजा-अर्चना संपन्न करवा रहे हैं।

Share This News