LatestNewsहरियाणा

पिता की हत्या का आरोपी बेटा साथियों सहित गिरफ्तार

न्यूज होम लाइव व्यूरो सुनील शर्मा

झज्जर पुलिस की एक टीम द्वारा गुप्त सूचना के आधार पर तत्परता से कार्रवाई करते हुए हत्या के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की गई है। मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रबंधक दुजाना निरीक्षक सुखवीर सिंह ने बताया कि 29 मार्च 2019 को स्थानीय पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव मदाना कलां निवासी ओमप्रकाश की चोटें मारकर उसके मकान पर हत्या कर दी गई है। सूचना पर तुरंत पुलिस की टीम मौके पर पहुंची । मकान के अंदर मृतक का शव पड़ा था । जिस के संबंध में मृतक के भाई ने शिकायत देते हुए बताया था कि उसके भाई ओम प्रकाश की घरेलू विवाद के कारण उसके लड़के अनिल के साथ अनबन रहती थी। अनिल अपने पिता के साथ झगड़ा करता था। अनिल ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर अपने पिता की हत्या कर दी। जिस पर तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ थाना दुजाना में हत्या का मामला दर्ज किया गया था।
थाना प्रबंधक ने बताया कि हत्या के उपरोक्त मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी श्री अशोक कुमार द्वारा मामले की गहनता से कार्रवाई करने तथा दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के दिशा निर्देश किए गए थे । एसएसपी श्री अशोक कुमार के दिशा निर्देशानुसार व डीएसपी बेरी नरेश कुमार के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए मामले के तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की गई । उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर तत्परता से कार्रवाई करते हुए थाना दुजाना की पुलिस टीम द्वारा आरोपियों को गोहाना जिला सोनीपत के एरिया से काबू किया गया। पकड़े गए आरोपियों की पूछताछ में पहचान अनिल पुत्र ओमप्रकाश निवासी गांव मदाना कलां जिला झज्जर, राजेश उर्फ मटरू पुत्र जगदीश निवासी गांव मुंडलाना जिला सोनीपत तथा संजय पुत्र राजेंद्र सिंह निवासी चरखी दादरी के तौर पर की गई।
थाना प्रबंधक निरीक्षक सुखबीर सिंह ने बताया कि पकड़े गए तीनों आरोपियों ने प्राथमिक पूछताछ में हत्या की उपरोक्त वारदात का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने योजना बनाकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया था। मृतक के पुत्र अनिल ने आपसी घरेलू विवाद की रंजिश को लेकर अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर योजना के तहत 28/29 मार्च 2019 की रात को अपने पिता ओमप्रकाश को चोटें मारकर व उसका गला घोटकर हत्या करने की वारदात को अंजाम दिया था। पकड़े गए उपरोक्त आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीनों को अदालत झज्जर में पेश किया गया। जहां से तीनों आरोपियों को पूछताछ के लिए एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया।

Share This News