भ्रष्टाचार की हकीकत बयां कर रहा नगरीय विकास अभिकरण
न्यूज लाइव संवाददाता अभिषेक कुमार गौड:–
🔷अधिकारी व कर्मचारियों की कार्यशैली से गरीब हो रहे आवास से वंचित
ऽ🔷अपात्रों से मुंहमागी रकम लेकर उन्हे पहुॅचाया जा रहा हैं योजना का लाभ
अम्बेडकरनगर। शासन द्वारा शहर के गरीबों की मदद के लिए भले ही कितने प्रयास किये जाय किन्तु अधिकारियों व कर्मचारियों के भ्रष्टाचार से पात्रों को योजनाओं का लाभ मुश्किल हो गया है। इसकी हकीकत नगरीय विकास अभिकरण बयां कर रहा है। विभाग पर सामाजिक कार्यकर्ता सन्तराम वर्मा ने आरोप लगाते हुये मुख्यमंत्री उ.प्र. शासन से जांच कराने की मांग की है।
ज्ञात हो कि इस जिले की तीन नगर पालिका परिषद व दो नगर पंचायत के विकास में नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) की ही भूमिका है। शहरी गरीबों के रोजगार से लेकर मलिन बस्तियों में निर्माण व आवास उपलब्धता जैसे कार्य वर्तमान में जोरो पर चल रहा है। अकबरपुर नगर के गरीबों से जिनके पास रहने का ठिकाना नहीं था, झुग्गी झोपड़ियों में रहकर जीवन यापन कर रहे थे, पिछले वर्ष ऐसे लोगो के लिए केन्द्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री आवास योजना चलायी गयी जिसमें गरीबों से आॅनलाइन आवेदन मांगे गये, सभी औपचारिकताएं लोगों ने पूरा की जिसमें सत्यापन का जिम्मा नगर पालिका परिषद को दिया गया। यही से पात्रों के हक पर डाका डालने और भ्रष्टाचार की शुरूआत हुई जिसका नतीजा है कि इधर शासन से बजट मिलने के बाद आस लगाये गरीबों को वंचित होने का भय सता रहा है। कारण सत्यापन में कर्मचारियों ने जिनसे मुंहमागी रकम पाया उनके रिपोर्ट लगा दियेे, भले ही उनके पहले से पक्का मकान व परिवार नौकरी व साधन सम्पन्न रहा। नगर क्षेत्र के कुछ लोगों के खाते में पहली किस्त जाने लगी है, वही आस-पास के गरीब इंतजार कर रहे है और कार्यालय के चक्कर लगाते देखे जा रहे है, कुछ लोग ऐसे अपनी दास्तान बयां कर रहा है कि साहब! मेेरे पास रहने की झुग्गी झोपड़ी है लेकिन अभी तक किस्त नहीं मिली है। वही बगल में पक्का मकान वालों के खाते में किस्त चली गयी और रकम निकाल भी ली गयी। मंगलवार को संवाददाता ने जब विभाग पहुॅचकर यह जानना चाहा कि कितने लोग आवेदन किये है और कितने पात्र पाये गये तो वहां परियोजना अधिकारी व अन्य जिम्मेदार नदारत रहे, कार्यालय में एक लिपिक कम्प्यूटर चला रहा था जो कुछ बताने में अस्मर्थता जाहिर की।
🔷ये हैं सामाजिक कार्यकर्ता के आरोप
समाजिक कार्यकर्ता सन्तराम वर्मा ने कहा कि नगरीय विकास अभिकरण दशकों से भ्रष्टाचार के आंकठ में डूबा है, मलिन बस्तियों में कराये निर्माण कार्य से लेकर प्रधानमंत्री शहरी आवास व रोजगार की योजनाएं सभी बगैर कमीशन व घूसखोरी के पात्रों को मिलना मुश्किल है। उन्होने कहा कि वर्तमान में आवास निर्माण के लिए शासन से बजट अवमुक्त कर दिया है जिसमें गरीबों के खाते मंे भेजकर उनके द्वारा स्वयं निर्माण कराया जाना है किन्तु इसमें परियोजना अधिकारी व कर्मचारी अपने ठेकेदार लगा रखे है जो नियम विरूद्ध है। इन ठेकेदारों द्वारा नियम के विपरीत काम कराये जा रहे है और पात्रों से बैंक के खाते से रकम निकलवा ली जा रही है और ऐसा न करने पर दूसरी किस्त खाते में न भेजवाने की धमकी भी आम बात है जिससे भयभीत पात्र ठेकेदारों की मंशा अनुरूप काम करने को मजबूर है। इसके अलावा अपात्रों से उन्हे दिलाने का भी खेल चल रहा है जिनके लिए 25-30 हजार का रेट फिक्स किये गये है। उन्होने कहा कि यह तो रहा निर्माण कार्य के दौरान का हाल। इसके पहले नगर पालिका परिषद के कर्मचारियों ने सत्यापन के नाम पर सूची में शामिल व वंचित करने को कहकर 10 से 15 हजार वसूलने में कोर कसर नहीं छोड़े। उन्होने इसे मुख्यमंत्री को स्वयं संज्ञान में लेकर जांच एवं कार्यवाही की आवश्यकता पर जोर दिया है।

