मुनस्यारी महाविद्यालय में धूमधाम से मनाई गई गांधी एवं शास्त्री जयंती, महापुरुषों के बताए मार्ग पर चलने का लिया संकल्प।

मुनस्यारी संवाददाता।
मुनस्यारी (पिथौरागढ़): स्थानीय स्व. डॉ. आर.एस. टोलिया राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मुनस्यारी में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री की जयंती हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाई गई।
महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. रिफाकत अली ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी प्राचार्य डॉ. राहुल पाण्डेय द्वारा विधिवत ध्वजारोहण कर किया गया। इसके उपरांत उपस्थित समस्त महाविद्यालय परिवार ने दोनों महान विभूतियों के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर वक्ताओं ने गांधी जी के सत्य व अहिंसा तथा शास्त्री जी के सादगी और स्वाभिमान से जुड़े विचारों को याद करते हुए उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का कुशल संचालन डॉ. रिफाकत अली ने किया।
समारोह में कॉलेज के सभी शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

