रक्षाबंधन महापर्व पर विशेष:-
रक्षाबंधन महापर्व पर विशेष:-

न्यूज होम लाइव नेटवर्क:-
22 अगस्त 2021 रविवार को रक्षाबंधन पर्व मनाया जाएगा। रक्षाबंधन पर्व भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक होता है। हर साल श्रावण मास की पूर्णिमा तिथि को रक्षा बंधन पर्व मनाया जाता है इस वर्ष रक्षाबंधन पर कई शुभ योग बन रहे हैं। प्रातः 10 बजकर 34 मिनट तक शोभन योग बना हुआ है। शोभन योग को मांगलिक और शुभ कार्यों के लिए श्रेष्ठ मुहूर्त माना जाता है। दूसरा योग बन रहा है धनिष्ठा नक्षत्र का। रक्षा बंधन के दिन धनिष्ठा नक्षत्र शाम को 07 बजकर 40 मिनट तक है और राखी पर्व के शुभ दिन कुंभ राशि में गुरु वक्री चाल चलेंगे और यही पर चंद्रमा भी विराजमान रहेंगे। गुरु और चंद्रमा के एक ही राशि में विराजमान होने से गजकेसरी योग बन रहा है। और सिंह राशि में सूर्य, मंगल और बुध ग्रह एक साथ विराजमान होंगे। ऐसा संयोग करीब 474 साल बाद बन रहा है। इसके पहले ग्रहों की ऐसी स्थिति 11 अगस्त 1547 को बनी थी। जब धनिष्ठा नक्षत्र में राखी का त्योहार मनाया गया था। सूर्य, मंगल और बुध सिंह राशि में आए थे।
राखी का शुभ मुहूर्त-
सुबह 06:15 से सुबह के 10:34 तक शोभन योग रहेगा और शाम को 07:39 मिनट तक धनिष्ठा नक्षत्र रहेगा। इस दिन के सुबह 05:50 से लेकर शाम के 05:58 तक कभी भी राखी बांधी जा सकती है।
राखी पर्व मनाने का कारण
भविष्य पुराण के अनुसार प्राचीन काल में एक बार बारह वर्षों तक देवासुर संग्राम होता रहा, जिसमें देवताओं की दानवों से हार हो रही थी। दुःखी और पराजित इन्द्र, गुरु बृहस्पति के पास गए। उस समय वहां इन्द्र की पत्नी शुचि भी मौजूद थीं। इन्द्र की व्यथा जानकर इन्द्राणी ने कहा, “हे स्वामी! कल ब्राह्मण शुक्ल पूर्णिमा है। मैं विधानपूर्वक रक्षासूत्र तैयार करूंगी, उसे आप स्वस्तिवाचन पूर्वक ब्राह्मणों से बंधवा लीजिएगा। आप अवश्य ही विजयी होंगे।“ दूसरे दिन इन्द्र ने इन्द्राणी द्वारा बनाए रक्षाविधान का स्वस्तिवाचन पूर्वक बृहस्पति से रक्षाबंधन कराया, जिसके प्रभाव से इन्द्र सहित देवताओं की विजय हुई। उसी दिन से श्रावण पूर्णिमा के दिन यह धागा बाँधने की प्रथा चली आ रही है। यह धागा धन, शक्ति, हर्ष और विजय देने में पूरी तरह समर्थ माना जाता है।
रक्षा मंत्र व दिशा
रक्षा धागा बांधते समय ध्यान रखें भाई को पूर्व दिशा की ओर बिठाएं। बहन का मुंख पश्चिम दिशा की ओर होना चाहिए। इसके बाद भाई के माथे पर तिलक लगाकर दाहिने हाथ पर रक्षा सूत्र बांधे व इस मंत्र का पाठ करें -:
येन बद्धो बली राजा दानवेन्द्रो महाबल:।
तेन त्वां अभिबन्धामि रक्षे मा चल मा चल।।

