FEATUREDLatestNewsछत्तीसगढ़

संस्कृत भाषा सम्मान अब ब्रह्मलीन राजेश्री महंत श्री वैष्णव दास महाराज के नाम पर — मुख्यमंत्री


मुकेश भारती / अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट


रायपुर — छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संस्कृत भाषा के विकास के लिये दिये जाने वाला संस्कृत सम्मान अब ब्रह्मलीन राजेश्री महंत वैष्णव दास महाराज के नाम पर दिया जायेगा। दूधाधारी मठ के महंत राजेश्री रामसुंदर दास द्वारा माता कौशल्या की जन्म तिथि के निर्धारण के लिये राष्ट्रीय स्तर का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें माता कौशल्या की जन्मतिथि बताने वाले को 11 लाख रूपये की राशि सम्मान स्वरूप प्रदान की जायेगी। माता कौशल्या की जन्मतिथि तय होने पर हम सब मिलकर माता कौशल्या का जन्म दिवस धूमधाम से मनायेंगे। भगवान राम का वनगमन मार्ग छत्तीसगढ़ के कोरिया से सुकमा-कोंटा तक विद्वानों ने बताया है। इन मार्ग पर महत्वपूर्ण स्थानों को चिन्हित कर उन्हें दर्शनीय स्थल के रूप में विकसित किया जायेगा।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल राजधानी रायपुर के दूधाधारी मठ में आयोजित 09 दिवसीय दूधाधारी मठ महोत्सव के समापन और दूधाधारी मठ के महंत ब्रह्मलीन राजेश्री वैष्णव दास जी की पुण्यतिथि पर ये घोषणा किये। दूधाधारी मंदिर ट्रस्ट द्वारा हर वर्ष उनकी पुण्य स्मृति में 09 दिवसीय संगीतमय रामकथा और भक्त-संत सम्मेलन का आयोजन किया जाता है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर उपस्थित होकर राम कथा का श्रवण किया और रामचरितमानस की आरती में भी शामिल हुये। उन्होंने व्यास महाराज का स्वागत कर उनसे प्रदेश की सुख समृद्धि के लिये आशीर्वाद ग्रहण किया। इस अवसर पर उद्योग मंत्री कवासी लखमा भी उपस्थित थे।

Share This News