स्कूली वैन और हाईवा में भिड़ंत से दो लोगों की दर्दनाक मौत
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
बिलासपुर — तखतपुर ब्लॉक के ग्राम राजाकापा मुख्य मार्ग में आज स्कूली वैन और हाईवा में जोरदार भिड़ंत होने से हादसे में मौके पर दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गयी। मृतकों में एक निजी स्कूल की शिक्षिका और दूसरा वैन ड्राईवर है।
इस संबंध में जानकारी के अनुसार तखतपुर थाना अंतर्गत नर्मदा पब्लिक स्कूल बेलपान से वैन चालक टीचर्स को छोड़ने तखतपुर आ रहा था। तभी राजाकापा श्मशान घाट के पास तेज रफ्तार हाईवा ने जबरदस्त टक्कर मार दी। हादसा इतना खतरनाक था कि वैन के परखच्चे उड़ गये। इसमें सवार सीता देवांगन पिता गंगाराम तखतपुर के टिकरीपारा निवासी एवं चालक आकाश खुंटे पिता संतोष राजाकापा की मौत हो गयी। वहीं एक अन्य शिक्षिका रूबी ठाकुर पिता धनीराम को घायल अवस्था में तखतपुर स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया जहाँ से हालत गंभीर होने पर उसे सिम्स बिलासपुर रिफर कर दिया गया।

