FEATUREDGeneralLatestNewsPoliticsppछत्तीसगढ़

हर्षा वर्मा ने की गोबर के दीपक जलाने की अपील।

हर्षा वर्मा ने की गोबर के दीपक जलाने की अपील

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट

दुर्ग भिलाई — छत्तीसगढ़ सरकार के महत्वकांक्षी गोधन न्याय योजना के अंतर्गत गोबर से प्रदेश भर में महिलाओं द्वारा दीपक , गमला , सहित असंख्य उत्पाद निर्मित किये जा रहे हैं। इन्हीं के चलते गौमाता के गोबर की चर्चा अब सात समुंदर पार विदेशों में भी होने लगी है। इसी तारतम्य में महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं स्वावलम्बी बनाने की कड़ी में भिलाई स्टील प्लांट में कार्यरत रूपनारायण बंजारे की सुपुत्री एवं डा० खूबचंद बघेल शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय भिलाई – 3 के बीए प्रथमवर्ष की छात्रा कुमारी दिव्या बंजारे ने इस दीपावली का त्यौहार गौमाता के गोबर से निर्मित दीये से मनाने का संकल्प लिया। उन्होंने बताया कि उनको ये प्रेरणा महिला स्वसहायता समूह कुम्हारी से जुड़ी उनकी बुआ पुतरी कुर्रे से मिली। प्रेरणा मिलने के बाद दो बहन और एक भाई में सबसे बड़ी दिव्या ने अपनी माँ शांति बंजारे , दादी रूखमणी बंजारे , चाची मंजूलता बंजारे और अपनी छोटी बहन नेहा बंजारे के साथ मिलकर घर में ही गौमाता के गोबर से रंग बिरंगी आकर्षक दीपक बनाने का काम शुरू कर दिया है। ये स्वयं भी अपने घर में गोबर का दीपक जलाती हैं और दूसरों को भी गोबर का दीया जलाने के लिये प्रेरित कर रही हैं। वहीं इसी महाविद्यालय में बीए अंतिम वर्ष में अध्ययनरत छात्रा कुमारी हर्षा वर्मा ने बताया कि उनके गाँव पन्दर (पाटन) में भी आस्था स्वसहायता समूह के अध्यक्ष पूनम चंद्रवंशी एवं सहयोगी प्रभा वर्मा , भारती वर्मा , रामेश्वरी वर्मा , सुनीता वर्मा , समीक्षा नायक द्वारा भी गाय के गोबर से रंग बिरंगी एवं आकर्षक दीये तैयार किये जा रहे हैं। गोबर का धार्मिक महत्व भी है और इसके अलावा इस दीये की उपयोगिता नही होने पर खाद के रूप में भी इसकी उपयोगिता हो सकेगी।महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिये यह महत्वपूर्ण कदम है। इससे महिलायें आत्मनिर्भर और स्वावलम्बी बनेंगी। हर्षा वर्मा ने महिलाओं द्वारा निर्मित गोबर के दीये जलाने हेतु प्रदेशवासियों से अपील करते हुये कहा है कि आजकल बदलती जीवन शैली और आधुनिक परिवेश में बाजारों में दीयों की जगह आधुनिक तरह की तमाम रंग-बिरंगी बिजली की झालरों ने ले लिया हैे। हम इस दीपावली में गोबर के दीये से घर रोशन करने के संकल्प से दीपक बनाने वाली महिलाओं का अप्रत्यक्ष सहायता भी कर सकते हैं। उन्होंने आगे कहा कि दीपावली का वास्तविक अर्थ दूसरों के साथ अपनी खुशियांँ बांँटना होता है। हम यदि गोबर के दीपक के स्थान पर चाईनीज झालर का इस्तेमाल करेंगे तो हम अपने घरों को तो रोशन कर लेंगे परन्तु हमारे ही बहनों के घरों मे अंँधियारा रहेगा , जिसके बाद शायद हमारे लिये दीपावली का कोई अर्थ ही नहीं रह जायेगा।

Share This News