berinagFEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhPoliticspputtarakhand

प्रशासन की अनदेखी पर भारी पड़ी आस्था और सेवा: हरिद्वार से आए गायत्री परिवार ने मिट्टी-मलबा डालकर संवारी डिग्री कॉलेज रोड। 

न्यूज़ होम लाइव डिजिटल। 

​बेरीनाग। नगर की प्रमुख डिग्री कॉलेज रोड की बदहाली ने एक बार फिर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक व्यवस्था के दावों की पोल खोल दी है। लंबे समय से सड़क सुधारीकरण की मांग को लेकर आंदोलित स्थानीय जनता को जहां केवल आश्वासन मिल रहे हैं, वहीं गुरुवार को हरिद्वार से आए गायत्री परिवार के सदस्यों ने श्रमदान कर गड्ढों में मिट्टी व मलबा डाला और आवागमन सुचारू किया।

​लिखित आश्वासन के तीन माह बाद भी हालात जस के तस स्थानीय जनता सड़क सुधारीकरण समेत तीन सूत्रीय मांगों को लेकर पिछले एक पखवाड़े से आंदोलनरत है। विडंबना यह है कि करीब तीन माह पूर्व क्षेत्रीय विधायक ने इस मार्ग को जल्द ठीक कराने का लिखित आश्वासन दिया था, लेकिन धरातल पर कोई काम नहीं हुआ। जिम्मेदारों की इसी उदासीनता के चलते बाहर से आए लोगों को सड़क की मरम्मत के लिए आगे आना पड़ा।

  • ​धार्मिक और सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है मार्ग

डिग्री कॉलेज रोड केवल आवागमन का जरिया नहीं, बल्कि धार्मिक और सामाजिक दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण है। प्रसिद्ध बेरीनाग और तपेश्वर महादेव मंदिर जाने वाले श्रद्धालु इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का जिला कार्यालय भी इसी सड़क पर स्थित है। इसके बावजूद सड़क की लगातार हो रही अनदेखी प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

  • ​आश्वासन नहीं, धरातल पर काम दिखाएं जनप्रतिनिधि: राजेश रावत

व्यापार संघ अध्यक्ष राजेश रावत ने हरिद्वार से आए गायत्री परिवार के सदस्यों के इस सराहनीय प्रयास के प्रति आभार जताया। साथ ही उन्होंने जनप्रतिनिधियों और प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि तीन माह पूर्व मिले लिखित आश्वासन के बाद भी सड़क का निर्माण न होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जिम्मेदारों को अब आत्ममंथन करना चाहिए और कोरे आश्वासन देने के बजाय धरातल पर काम करके दिखाना चाहिए।

​फिलहाल, सड़क के गड्ढों को भरने के लिए डाली गई मिट्टी और मलबा स्थानीय व्यवस्था की नाकामी की तस्वीर बनकर सामने आया है। अब देखना यह है कि प्रशासन की नींद कब खुलती है या फिर जनता के आंदोलन के उग्र होने का इंतजार किया जा रहा है।

Share This News