LatestNewsलखनऊ न्यूज लाईन ब्यूरो

6 जुलाई – अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता दिवस पर विशेष


सहकारिता आन्दोलन सारे विश्व में लोकतांत्रिक व्यवस्था का गठन करके प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में संस्कारयुक्त आर्थिक समृद्धि लाने के लिए प्रयासरत है

प्रदीप कुमार सिंह, लखनऊ


वर्ष 1923 में जुलाई माह के प्रथम शनिवार को मनाये गये पहले विश्व सहकारिता दिवस को सहकारिता को सर्वमान्य पहचान देने का उद्देश्य रखा गया था। अन्तर्राष्ट्रीय सहकारिता संघ के तत्कालीन अध्यक्ष श्री जी.जे.डी.सी. गोदर्थ ने सहकारी आन्दोलन के विकास में बाधा बने कारणों की तरफ ध्यान आकर्षित कर यह प्रस्ताव रखा कि प्रत्येक देश में प्रचार-प्रसार दिवस या प्रचार-प्रसार संध्या समारोह आयोजित कर विश्व भर में यह बताया जाये कि सहकारिता आन्दोलन क्या कर रहा है? यह प्रस्ताव स्वीकार किया गया और वर्ष 1922 में सम्पन्न कार्यकारिणी की बैठक में जुलाई के प्रथम शनिवार को विश्व सहकारिता दिवस मनाने का निर्णय लिया गया। तभी से हर वर्ष विश्व सहकारिता दिवस मनाया जा रहा है। 1923 में जब प्रथम बार इसका आयोजन हुआ तब इसमें सहकारिता का संवर्धन, अन्तर्राष्ट्रीय एकता, आर्थिक दक्षता, शांति और समानता की चर्चा प्रमुखता से हुई।
विश्व की शान्ति की सबसे बड़ी संस्था संयुक्त राष्ट्र संघ ने जुलाई 1995 को पहले शनिवार को सहकारी समितियों के अंतर्राष्ट्रीय दिवस मानने के लिए अंतर्राष्ट्रीय सहकारी गठबंधन की स्थापना के वैश्विक महत्व को स्वीकारते हुए मान्यता दी। संयुक्त राष्ट्र में इस अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय एकता, समानता, आर्थिक दक्षता के साथ सहकारिता के इन उद्देश्यों पर प्रमुखता से चर्चा हुई – (1) विश्व सहकारिता दिवस के उद्देश्य। (2) स्थानीय, राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सहकारिता को पहचान दिलाना। (3) सहकारिता आंदोलन के विषय में जागरूकता फैलाना। (4) सहकारी आंदोलन को बढ़ावा देना। (5) संयुक्त राष्ट्र संघ एवं अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता संघ तथा सभी अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता आंदोलनों के लक्ष्यों को पूरा करने पर जोर देना। (6) अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता आंदोलनों और सरकार सहित अन्य स्थानीय, राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय साझेदारी को मजबूत करना।
सम्पूर्ण विश्व में सहकारिता आंदोलन को जोर-शोर से चलाने के लिए प्रतिवर्ष जुलाई माह के प्रथम शनिवार को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सहकारिता दिवस मनाया जाता है। इस दिवस पर सहकारिता की भावना के अनुरूप व्यक्ति मिलजुल कर अपने आर्थिक हितों की पूर्ति हेतु परस्पर सहयोग एवं विश्वास की भावना से कार्य करते हैं और जिसका उद्देश्य लाभ कमाना न होकर अपने सदस्यों के हितों और आवश्यकता की पूर्ति करना होता है। इस वर्ष शनिवार 6 जुलाई 2019 को अन्तर्राष्ट्रीय सहकारिता दिवस सारे संसार में मनाया जा रहा है।
विश्व के हर महाद्वीप के लगभग हर देश में सहकारी संस्थाएं अपने सदस्यों के सामाजिक आर्थिक उत्थान में लगी हुई है। चाहे वह भारत और चीन जैसे विशाल देश हो अथवा सिंगापुर, फिजी जैसे छोटे देश हो। हर जगह सहकारी संगठन विद्यमान हंै और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गो को संगठित कर नए अवसरों का सृजन कर रहे हैं। आर्थिक उदारीकरण के युग में सहकारिता उच्चकोटि की गुणवत्ता, उत्पादकता एवं व्यावसायिक प्रबंध व्यवस्था से शिखर स्थान प्राप्त कर सकती है और आर्थिक एवं सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की क्षमता प्रदर्शित कर सकती है।
पारस्परिक सहयोग द्वारा स्वयं की सहायता करना ही सहकारिता का आदर्श होता है। सहकारिता एक संगठित शक्ति है जिसका सूत्र “एक सबके लिए, सब एक के लिए” है। इसका प्रबंधन एवं संचालन लोकतांत्रिक ढंग से किया जाता है। संगठन के सदस्यों में किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाता है। निजी स्वार्थ, व्यक्तिवाद, परिवारवाद के स्थान पर सामूहिक कल्याण के लिए प्रयास किए जाते हंै। इसका सदस्य बनने के लिए किसी भी प्रकार का दबाव नहीं डाला जाता है बल्कि व्यक्ति स्वेच्छा से इसका सदस्य बनता है और स्वेच्छा से त्याग भी कर सकता है।
श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शक श्री लक्ष्मण राव इनामदार ‘वकील साहब’ अब हमारे बीच नहीं है, लेकिन उनके द्वारा किए समाज सेवी कार्यों के लिए वे पीढ़ी दर पीढ़ी लोगों द्वारा याद किए जाते रहेंगे। लक्ष्मण राव इनामदार ‘वकील साहब’ जहां समाज सेवा के कार्यों में विशेष रूचि रखते थे, वही सामाजिक विकास का ताना बाना उन्हांेने सहकारिता आन्दोलन के इर्दगिर्द बुना और समाज को बदलने के लिए निरंतर काम करते रहे। सहकार से संस्कार: संस्कार से सहकार एक-दूसरे के पूरक है।
युवा अवस्था मे श्री लक्ष्मण राव इनामदार ‘वकील साहब’ सहकारिता को प्रभावशाली आर्थिक विकास के माडल के रूप में सिद्ध किया है, जो समाज के संपूर्ण विकास को सुनिश्चित करता है। कहते है एक सोच जो कभी-कभी युगों-युगों का दिशा निर्धारण कर जाता है। शायद वह सोच ही सहकारिता आन्दोलन की रगों मे दौड़ कर समाज के विकास और उद्धार की अवधारणा बन गई और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के साथ-साथ ना जाने कितनांे की प्रेरणास्रोत्र बन गई।
सहकारिता की गतिविधि प्राचीन समय में भारत से ही चली है। लक्ष्मण राव इनामदार वर्तमान में सहकार भाव के प्रणेता थे, जो सहकारी संस्थाएं इससे पूर्व चल रही थीं, प्रायः देखा गया कि उनको चलाने वालों का ही उद्धार उनसे हो रहा था। जबकि जिनके लिए सहकारिता चलाई जा रही थी, उनका उद्धार नहीं हो रहा था। यह देखते हुए लक्ष्मण इनामदार जी ने सहकार भारती की स्थापना की और सहकार भारती ने सहकारिता आंदोलन को भाव के साथ आगे बढ़ाने की दिशा में प्रशंसनीय कार्य किया है।
वकील साहब के काम को याद करने के लिए सहकार भारती एवं कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार ने 21 सितम्बर 2017 में नई दिल्ली में विज्ञान भवन में शताब्दी समारोह एवं सहकार सम्मेलन का आयोजन किया था। सहकार भारती द्वारा आयोजित इस व्याख्यानमाला का शुभारंभ प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा ही किया गया।
इस सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि वकील साहब – लक्ष्मणराव इनामदार जी ऐसे ही व्यक्तियों में से एक थे। प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि सहकारी आंदोलन का पहला सिद्धांत सभी को एकजुट करना है, भले ही बाकी चीजें गुमनाम रहे। उन्होंने कहा कि श्री इनामदार ने इस सिद्धांत को अपने जीवन में आत्मसात किया था और उनका जीवन प्रेरणा का एक स्रोत है।
श्री मोदी ने कहा कि कृषि क्षेत्र में हम सहकारिता के माध्यम से कैसे आगे बढ़े, 2022, हमारे किसानों की आय दोगुना कैसे हो, ऐसी कौन सी चीजों को हम जोड़ें, ऐसी कौन सी गलत आदतों को छोड़ें ताकि हम हमारे कृषि जगत को भी हमारे ग्रामीण जीवन को आधुनिक भारत के संदर्भ में तैयार करें। विकास की उस दिशा में तैयार करें। हमारे यहां ग्रामीण अर्थकारण में बदलाव लाने के लिए सहकारिता आंदोलन छोटी-छोटी चीजों के द्वारा भी बहुत बड़ा परिवर्तन ला सकते हैं।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री जी ने दो पुस्तकों का विमोचन किया पहली पुस्तक श्री लक्ष्मणराव इनामदार पर और दूसरी, जिसका शीर्षक है भारतीय सहकारी आंदोलन के नौरत्न। इस अवसर पर उन्होंने देश की चुनिंदा सहकारी समितियों को लक्ष्मण राव इमानदार राष्ट्रीय सहकार उत्कृष्टता पुरस्कार भी प्रदान किए।
इस सहकारी आंदोलन में और अधिक गति मिले, नई ऊर्जा मिले और समाज के प्रति एक संवेदना के साथ सामान्य मानवी की समस्याओं के समाधान के लिए मिल-बैठ करके कैसे रास्ते खोज जाएं, साथ-सहयोग और सहकारिता के द्वारा समस्याओं का कैसे समाधान हो, इसके लिए व्यापक चिंतन करने की आवश्यकता है। सहकारिता के साथ संस्कारों को भी जोड़ने की आवश्यकता है।
इनामदार जी ने जनता के सामाजिक, आर्थिक उत्थान की दिशा में पहल करते हुए सहकारिता बैंक की स्थापना की। जिसका उद्देश्य सहकारिता आंदोलन को जनकल्याणकारी रूप देकर उसे मजबूती प्रदान करना था। इनामदार जी एक ऐसे व्यक्ति थे, जिन्होंने चार वर्ष में ही देश भर में लगभग 400 स्कूलों का निर्माण करवाने में महती भूमिका निभाई। इन्हीं स्कूलों से प्रतिवर्ष सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने शिक्षा प्राप्त की और इन्हीं छात्रों में एक नाम श्री नरेंद्र मोदी का भी शामिल है। उनकी यादें व उनके महान कार्य व समाजसेवा के भाव की छाप आज भी श्री मोदी जी के जीवन में है। इमानदार जी की स्मृति में लक्ष्मणराव इनामदार राष्ट्रीय सहकारी अनुसंधान एवं विकास अकादमी की स्थापना की गयी है।
सहकारिता संगठित शक्ति, सृजन दृष्टि एवं उन्नति का परिणाम है। सहकारिता की यह परंपरा अच्छी है क्योंकि इसमें चाहे सहकारी संस्थाओं के सदस्य हो या पदाधिकारी हो अथवा कर्मचारी या अधिकारी सभी सहकारी कार्यकर्ता कहलाते हंै। सहकारी आन्दोलन को दशा और दिशा बदलने के लिए सदस्यों को शक्ति सम्पन्न बनाना आवश्यक है। ग्रामीण कृषकांे को सहकारिता के प्रति जागरूक करना आवश्यक है। कृषि ऋण एवं उर्वरक वितरण में व्यावसायिक बैंकों एवं अन्य वित्तीय संस्थाओं से आगे रहकर ईमानदारी एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करना है ताकि सहकारिता से जुड़ा हर व्यक्ति गौरवान्वित हो सके। सहकारिता के विकास के लिए आपसी समन्वय एवं टीम भावना से काम करने की आवश्यकता है।
सहकारिता आन्दोलन द्वारा ही सारे विश्व में लोकतंत्र, आर्थिक समृद्धि तथा न्यायपूर्ण व्यवस्था का गठन करने का प्रयास किया जा रहा है। गुफाओं से शुरू हुई मानव सभ्यता की महायात्रा की विश्व एकता की अन्तिम मंजिल मानव जाति से अब बस एक कदम दूर है। संयुक्त राष्ट्र संघ को शक्ति प्रदान कर वैश्विक लोकतांत्रिक व्यवस्था का गठन किया जा सकता है। सहकारिता आन्दोलन द्वारा भारत ही निकट भविष्य में विश्व में शान्ति स्थापित करेगा।

Share This News