90 काश्तकारों का दल जड़ी-बूटी उत्पादन के गुर सीखने दिनेशपुर रवाना

न्यूज लाइव संवाददाता कुलदीप सिह:–
बागेश्रवर जिले के 90 काश्तकारों का दल जड़ी-बूटी उत्पादन के गुर सीखने दिनेशपुर रवाना हो गया है। आजीविका के तहत दिए जा रहे प्रशिक्षण में तीन दिनों तक किसानों को जड़ी-बूटी तैयार करने और उनके विपणन की जानकारी दी जाएगी। दल को विधायक ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
आजीविका परियोजना ने कठायतबाड़ा से जिले के विभिन्न क्षेत्र से आए किसानों को रवाना किया। दल को हरी झंडी दिखाते हुए विधायक बलवंत सिंह भौर्याल ने कहा कि क्षेत्र में जड़ी-बूटी उत्पादन के लिए पर्याप्त स्थान हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में आयुर्वेद की महत्ता बढ़ रही है। इस क्षेत्र में आजीविका का स्कोप भी अधिक है। उन्होंने कहा कि जड़ी-बूटी उत्पादन से किसानों को लाभ होगा। बंदर और सुअर से होने वाले नुकसान से भी बचा जा सकेगा। मांग अधिक होने से दाम भी अच्छे मिलेंगे। उन्होंने पूरे मनोयोग से प्रशिक्षण लेने और उसका लाभ उठाने को कहा। परियोजना प्रबंधक धर्मेंद्र पांडे ने बताया कि दिनेशपुर के डाबर रिसर्च सेंटर में तीन दिन तक चलने वाले प्रशिक्षण में जड़ी-बूटी के संबंध में विस्तार से जानकारी दी जाएगी। किसानों को जड़ी-बूटी के प्रकार, कच्चा माल तैयार करना, उसके विपणन आदि के बारे में बताया जाएगा। जिसके उपरांत वह स्वरोजगार कर अपनी आर्थिक स्थिति में सुधार ला सकता है। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष शेर सिंह गढ़िया, भूपाल सिंह गढ़िया सहित अन्य कर्मचारी व किसान मौजूद रहे।

