“रोड नहीं तो…. वोट नहीं ” व्यापारियों ने चुनाव बहिष्कार का किया ऐलान
न्यूज होम लाइव व्यूरो मुकेश भारती
कोरबा – पाली नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत मुख्य सड़क मार्ग हाईवे की दयनीय दशा से दुखी और सड़क की मरम्मत अथवा डामरीकरण को लेकर प्रशासनिक उदासीनता के कारण इस मार्ग के किनारे स्थित समस्त व्यापारी बंधुओं ने आगामी लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है ।
इस आशय की लिखित सूचना तहसीलदार पाली को दे दी गई है। व्यापारियों ने बताया कि विगत 1 वर्ष से हाईवे सड़क मार्ग की अत्यंत जर्जर स्थिति के कारण व्यापारियों के स्वास्थ्य और व्यवसाय पर बहुत बुरा असर पड़ा है ।सड़क किनारे रहवासियों की सेहत को क्षति पहुंच रही है साथ ही व्यापारियों के दुकानों के सामान को भी क्षति पहुंची है।
इसे लेकर कई बार लिखित एवं मौखिक में शासन प्रशासन को सड़क की मरम्मत एवं डामरीकरण के लिए विनती अनुरोध करते हुए आंदोलन की भी चेतावनी दी गई थी। लेकिन सिवाय आश्वासन के कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई है ।बल्कि प्रशासन के कानों में जूं तक नहीं रेंगी इस असहनीय हो चुकी समस्या के मद्देनजर व्यापारियों ने बताया कि अब उनका लोकतंत्र से विश्वास उठ गया है । सर्वसम्मति से वे आगामी लोकसभा चुनाव का बहिष्कार कर रहे हैं इसके अलावा उनके पास कोई विकल्प नहीं बचा है। अपनी इस मंशा को लिखित में जिला निर्वाचन अधिकारी को पत्र प्रेषित कर अवगत करा दिया गया है।

