कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल का निधन , पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजलि।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल का निधन , पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजलि

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
नई दिल्ली — गुजरात के राज्यसभा सांसद कांग्रेस पार्टी के कोषाध्यक्ष रहे अहमद पटेल (71 वर्षीय) का गुरूग्राम के मेदांता अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। वे पिछले एक महीना कोरोना से संक्रमित हुये थे इसके बाद उनका उपचार चल रहा था। अहमद पटेल के बेटे फैजल पटेल ने ट्वीट कर कहा कि उनके पिता अहमद पटेल का आज सुबह 03 बजकर 30 मिनट पर निधन हो गया है। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित कई दलों के नेता उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।
पीएम मोदी ने दी श्रद्धांँजलि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अहमद पटेल के निधन पर शोक व्यक्त करते हुये लिखा है कि ‘उन्होंने (अहमद पटेल) कई वर्षों तक जनता की सेवा की। वे अपने तेज दिमाग की वजह से जाने जाते थे। कांग्रेस पार्टी को मजबूत बनाने में उनकी अहम भूमिका को हमेशा याद रखा जायेगा। उनके बेटे फैजल से बात कर संवेदना व्यक्त की। अहमद भाई की आत्मा को शांति मिले।’
गौरतलब है कि गुजरात के भरूच जिले के अंकलेश्वर में पैदा हुये पटेल तीन बार लोकसभा सांसद और पांँच बार राज्यसभा सांसद रह चुके थे। पटेल ने अपना पहला चुनाव 1977 में भरूच से लड़ा था, जिसमें वो 62,879 वोटों से जीते। वर्ष 1980 में उन्होंने फिर यहीं से चुनाव लड़ा और इस बार 82,844 वोटों से जीते थे। वर्ष 1984 के अपने तीसरे लोकसभा चुनाव में उन्होंने 1,23,069 वोटों से जीत दर्ज की थी। वर्ष 1993 से अहमद राज्यसभा सांसद थे और 2001 से सोनिया गांधी के राजनीतिक सलाहकार भी थे। उन्हें 15 नवंबर को उपचार के लिये मेदांता के आईसीयू में भर्ती कराया गया था , जहाँ उसके कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था और आज तड़के सुबह उनका निधन हो गया। उनके बेटे फैजल पटेल ने लोगों से अपील की है कि सभी लोग कोरोना से जुड़े प्रोटोकॉल का पालन करें और भीड़ भाड़ में जाने से बचें।

