प्रधानमंत्री ने वाराणसी को दी सिक्सलेन की सौगात।
प्रधानमंत्री ने वाराणसी को दी सिक्सलेन की सौगात

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
वाराणसी — कड़ी सुरक्षा के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहली बार देव दीपावली पर अपने लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी पहुँचे। यहाँ उन्होंने प्रयागराज-वाराणसी सिक्सलेन का लोकार्पण किया , राजघाट पर दीप प्रज्वलित कर देव दीपावली महोत्सव में हिस्सा लिया और लेजर शो भी अवलोकन किया। इस दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनके साथ रहें।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर देव दीपावली महोत्सव में शामिल होने एक दिवसीय प्रवास पर वायुसेना के विशेष विमान से अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के बाबतपुर एयरपोर्ट पहुँचे। जहाँ प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान सीएम योगी के अलावा राज्य मंत्री आशुतोष टंडन, नीलकंठ तिवारी, रविन्द्र जायसवाल, सांसद मछलीशहर वीपी सरोज, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी मौजूद रहे। यहाँ से सेना के हेलीकॉप्टर से पीएम मोदी मिर्जामुराद के खजूरी हैलीपैड पहुँचे। यहाँ उन्होंने देव दीपावली पर बटन दबाकर नेशनल हाईवे -19 हंडिया से राजातालाब खंड प्रयागराज- वाराणसी सिक्सलेन परियोजना का लोकार्पण किया। इसकी लागत 2447 करोड़ रुपये है और लंबाई 73 किमी है। इसके बाद प्रधानमंत्री ने अपना भाषण हर-हर महादेव से शुरू किया , उन्होंने काशीवासियों से भोजपुरी में संवाद किया। उन्होंने कहा कि काशी के लोगों के प्रणाम वा। इस दौरान उन्होंने देव दीपावली और गुरु नानक देव के प्रकाशोत्सव की शुभकामनायें भी दी। पीएम मोदी ने आगे कहा मुझे याद है कि 2013 में मेरी पहली जनसभा इसी मैदान पर हुई थी , तब यहांँ से गुजरने वाला हाइवे फोरलेन का था और आज बाबा विश्वनाथ के आशीर्वाद से ये सिक्सलेन का हो गया है। वाराणसी-प्रयागराज हाईवे के चौड़ा होने से काशी और प्रयागराज के बीच आना जाना और आसान हो जायेगा। कांवड़ यात्रा के दौरान कांवड़ियों और इस क्षेत्र के लोगों को होने वाली परेशानियांँ खत्म हो जायेंगी। इसका लाभ कुंभ पर आने वाले श्रद्धालुओं , काशीनिवासियों के साथ प्रयागराज के लोगों को भी मिलेगा। इसमें प्रयागराज और वाराणसी के बीच यात्रा समय में एक घंटे की कटौती होगी। यहांँ से पीएम का हेलीकॉप्टर डोमरी हेलीपैड पहुंँचा। जहाँ उन्होंने सभा को संबोधित करते हुये कहा कि किसानों को भविष्य का डर दिखाकर बहकाया जा रहा है। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे किसानों को समझाने की कोशिश की कि सरकार का कोई भी कानून उनके खिलाफ नहीं है। यहाँ सभा को संबोधित करने के बाद वे गंगा मार्ग से काशी विश्वनाथ मंदिर पहुँचे। जहाँ काशी विश्वनाथ का पूजन कर कॉरिडोर का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने क्रुज से राजघाट पहुँचकर सबसे पहले देव दीपावली महोत्सव पर दीप प्रज्वलित किया। यहाँ उन्होंने पर्यटन विभाग के साईट का लोकार्पण भी किया। राजघाट से क्रुज पर सवार होकर पीएम मोदी जब रविदास घाट तक नौकायन किये तो क्रुज दस मिनट के लिये चेतसिंह घाट के सामने ठहर गया। यहाँ पीएम मोदी के लेजर शो कार्यक्रम देखने के बाद क्रुज आगे रविदास घाट पहुँचा। राजघाट पर दीपोत्सव और सांस्कृतिक कार्यक्रम के बाद पीएम देव दीपावली पर घाटों पर मौजूद लोगों को भोजपुरी भाषा में शुभकामनायें देते हुये संबोधित किये। पीएम मोदी ने कहा कोविड 19 ने बहुत चीजों को बदला है। लेकिन काशी की ऊर्जा, भक्ति और शक्ति को कोई नहीं बदल सकता है। उन्होंने आगे कहा काशी के लिये एक और भी विशेष अवसर है। सौ साल से भी पहले माता अन्नपूर्णा की जो मूर्ति काशी से चोरी हो गई थी, वो फिर वापस आ रही है। हमारे देवी देवताओं की ये प्राचीन मूर्तियाँ हमारी आस्था के प्रतीक के साथ ही हमारी अमूल्य विरासत भी हैं। इतना प्रयास अगर पहले किया गया होता, तो ऐसी कितनी ही मूर्तियां, देश को काफी पहले वापस मिल जातीं। लेकिन कुछ लोगों की सोच अलग रही है। हमारे लिये विरासत का मतलब है देश की धरोहर है। जबकि कुछ लोगों के लिये विरासत का मतलब होता है, अपना परिवार और अपने परिवार का नाम। हमारे लिये विरासत का मतलब है हमारी संस्कृति, हमारी आस्था। उनके लिये विरासत का मतलब है अपनी प्रतिमायें , अपने परिवार की तस्वीरें।इस आयोजन को कांशी के संस्कृति विभाग की तरफ से किया गया था। कांशी के 84 घाटों पर लगभग 15 लाख दीप प्रज्वलित किये गये थे। यह पहला मौका था जब देव दीपावली पर पीएम मोदी अपने संसदीय क्षेत्र में उपस्थित रहे , जहाँ राजघाट पर उन्होंने भी दीपदान किया। राजघाट से संत रविदास घाट तक गंगा के दोनो तरफ दीपोत्सव का नजारा देखने के बाद प्रधानमंत्री गंगा घाट से 40 किमी सड़क की यात्रा कर सारनाथ पहुंँचे और वहाँ भगवान बुद्ध की जीवन पर आधारित लाइट एंड शो का अवलोकन किये। यहां वे तिब्बती संस्थान के कुलपति व शिक्षकों से भी मुलाकात किये। लाइट एंड साउंड शो देखने के बाद रिंग रोड होते हुये बाबतपुर स्थित लालबहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट से दिल्ली के लिये रवाना हो गये। पीएम मोदी वाराणसी में लगभग सात घंटा व्यतीत किये , इस दौरान सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई थी। एक हजार से भी ज्यादा पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में तैनात रहे। लगभग 80 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही थी , इसके अलावा ड्रोन और आतिशबाजी पर प्रतिबंध लगा दिया गया था।गौरतलब है कि बतौर प्रधानमंत्री संसदीय क्षेत्र में मोदी का यह 23 वांँ दौरा है, जबकि दूसरे कार्यकाल में वे तीसरी बार यहांँ पहुंँचे थे। कोरोना काल में उनका पहला वाराणसी दौरा रहा , आखिरी बार वे 16 फरवरी को काशी आये थे।
चुनाव आयोग ने सशर्त दी थी अनुमति
स्नातक और शिक्षक निर्वाचन के कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काशी प्रवास के लिए चुनाव आयोग से अनुमति मांगी गई थी। चुनाव आयोग ने सशर्त अनुमति दी थी जिसमें कहा गया था कि पूरे कार्यक्रम में किसी तरह की राजनीतिक बयानबाजी ना हो। इसके अलावा निर्वाचन से जुड़ी घोषणायें या कार्यक्रम इसमें शामिल नहीं किये जायें।

