भारत ने गंवाया 3-0 का मौका।
भारत ने गंवाया 3-0 का मौका

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
सिडनी (आस्ट्रेलिया) – मेजबान ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच तीन मैचों की टी 20 सीरीज का तीसरा और अन्तिम मुकाबला आज सिडनी क्रिकेट ग्राउंड (ड्यूमोइन ओवल मैदान) पर खेला गया। इसी मैदान पर वनडे सीरीज के शुरुआती दो मैच खेले गये थे और दोनों मैचों में ऑस्ट्रेलिया ने विशाल स्कोर खड़ा करते हुये भारत को हार सौंपी थी। आखिरी मैच में आस्ट्रेलिया ने टीम इंडिया को 12 रनों से मात दे दी।
टी20 के तीसरे और अन्तिम मैच में टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया और ऑस्ट्रेलिया को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं हुआ जबकि ऑस्ट्रेलिया की टीम में मार्कस स्टोइनिस की जगह एरॉन फिंच आये। ऑस्ट्रेलिया के लिये एरॉन फिंच और मैथ्यू वेड की जोड़ी पारी की शुरुआत करने उतरी, लेकिन 14 रन के स्कोर पर ही कंगारू टीम को पहला झटका लग गया। वॉशिंगटन सुंदर ने दूसरे ओवर की चौथी गेंद पर फिंच को हार्दिक पंड्या के हाथों कैच आउट करा दिया और फिंच शून्य पर आउट हो गये।ऑस्ट्रेलिया के लिये मैथ्यू वेड ने सबसे ज्यादा 80 रन बनाये , इसके अलावा ग्लेन मैक्सवेल ने 54 रनों की पारी खेली और दोनों ने तीसरे विकेट के लिये 90 रन की पार्टनरशिप की। इस तरह से ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 20 ओवर में 05 विकेट गंँवाकर 186 रन बनाये और टीम इंडिया को जीत के लिये 187 रनों का लक्ष्य दिया था। इसके जवाब में टीम इंडिया से शिखर धवन और केएल राहुल की जोड़ी ओपनिंग करने उतरी और शून्य के स्कोर पर ही टीम इंडिया को पहला झटका लग गया। ग्लेन मैक्सवेल की गेंद पर केएल राहुल स्टीव स्मिथ को कैच थमा बैठे और राहुल बिना खाता खोले आऊट हो गये। इसके बाद विराट कोहली और शिखर धवन ने मिलकर 74 रनों की साझेदारी की। नौंवें ओवर की आखिरी गेंद पर मिशेल स्वेप्सन ने शिखर धवन को डेनियल सैम्स के हाथों कैच आऊट करा दिया और धवन भी 28 रन बनाकर आऊट हो गये। संजू सैमसन (10) को मिशेल स्वेप्सन ने स्टीव स्मिथ के हाथों कैच आछट कराया। मिशेल स्वेप्सन ने श्रेयस अय्यर को एलबीडब्ल्यू कर भारत को चौथा झटका दिया और अय्यर भी शून्य पर आऊट हो गये। इस तरह से टीम इंडिया 20 ओवर में 07 विकेट गँवाकर 174 रन ही बना पायी।हालांकि भारत ने तीन मैचों की टी-20 सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली है। भारत ने तीन मैचों की टी-20 सीरीज में ऑस्ट्रेलिया पर 3-0 से सूपड़ा साफ करने का मौका गंँवा दिया। हार्दिक पंड्या मैन आफ द मैच चुने गये वहीं कोहली अपना टी20 इंठरनेशनल शतक लगाने से चुक गये। गौरतलब है कि ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर गई भारतीय टीम को वनडे सीरीज में हार का सामना करना पड़ा लेकिन अब भारत ने टी 20 सीरीज पर अपना कब्जा जमा लिया है। जहाँ पहले टी-20 मैच में भारत को 11 रन से जीत मिली वही दूसरा मैच भी भारत ने 06 विकेट से जीता जबकि तीसरे मैच में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। तीसरी मैच हारकर टीम इंडिया ने आस्ट्रेलिया पर 3-0 से सूपड़ा साफ करने का शानदार मौका गँवा दिया। इससे पहले 2016 में भारतीय टीम ने महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में आस्ट्रेलिया का 3-0 से सूपड़ा साफ किया था। आंँकड़ों की बात करें तो 3 मैचों की टी20 सीरीज में अब तक ऑस्ट्रेलिया का दो बार ‘व्हाइट वॉश’ हुआ है। एक तो टीम इंडिया ने 2016 में, जबकि पाकिस्तान ने 2018 में कंगारुओं का 3-0 से सफाया किया था। उल्लेखनीय है कि टीम इंडिया ने उसके घर में क्लीन स्वीप किया, जबकि पाकिस्तान ने यूएई में मात दी थी। सिडनी में खेले गये टी20 के तीसरे और अन्तिम मैच में इंडिया प्लेइंग इलेवन से के०एल० राहुल (विकेटकीपर), शिखर धवन, विराट कोहली (कप्तान), श्रेयस अय्यर, संजू सैमसन, हार्दिक पंड्या, वॉशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर, टी. नटराजन, युजवेंद्र चहल। और ऑस्ट्रेलिया इलेवन से डार्सी शॉर्ट, एरॉन फिंच (कप्तान), स्टीव स्मिथ, ग्लेन मैक्सवेल, मोइजेस हेनरिक्स, मैथ्यू वेड (विकेटकीपर), डेनियल सैम्स, सीन एबॉट, मिशेल स्वेपसन, एडम जाम्पा, एंड्रयू टाय शामिल रहे।

