Uncategorized

नेपाल संसद भंग , मध्यावधि चुनाव की घोषणा

नेपाल संसद भंग , मध्यावधि चुनाव की घोषणा

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट

काठमाण्डू — नेपाल में राष्ट्रपति विद्या देवी भंडारी ने प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली की सिफारिश पर रविवार को संसद यानि प्रतिनिधि सभा भंग करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। बता दें कि नेपाल मे दो सदन है, प्रतिनिधिसभा और राष्ट्रीयसभा , लेकिन सरकार बनाने के लिये प्रतिनिधिसभा में बहुमत जरुरी होता है। नेपाल की संसद का चुनाव 2017 में हुआ था और इसके 275 सदस्य हैं। रविवार सुबह मंत्रियों की आपात बैठक में कठोर कदम उठाते हुये संसद को भंग करने की सिफारिश की गयी थी। प्रस्ताव को लेकर प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली राष्ट्रपति के पास शीतल निवास पहुंँचे थे। राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से जारी की गई विज्ञप्ति के अनुसार संसद भंग करने की फैसले के लिये संवैधानिक परंपराओं का हवाला दिया गया है। नेपाली संसद को भंग करने की राष्ट्रपति से सिफारिश के बाद राजधानी काठमांडू में सुरक्षा कड़ी कर दी गयी है। वहीं सत्ता में शामिल नेपाल कम्युनिष्ट पार्टी ने संसद भंग करने को लोकतंत्र विरोधी बताते हुये इस प्रस्ताव को लागू ना करने को कहा था। राष्ट्रपति भवन द्वारा जारी एक नोटिस के अनुसार राष्ट्रपति भंडारी ने 30 अप्रैल को पहले चरण और 10 मई को दूसरे चरण का मध्यावधि चुनाव होंगे और इसके बाद वहाँ नई सरकार का गठन किया जायेगा। नोटिस के अनुसार उन्होंने नेपाल के संविधान के अनुच्छेद 76, खंड एक तथा सात, और अनुच्छेद 85 के अनुसार संसद को भंग कर दिया। इससे पूर्व प्रधानमंत्री ओली की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की एक आपात बैठक में राष्ट्रपति से संसद की प्रतिनिधि सभा को भंग करने की सिफारिश करने का फैसला किया गया था। सत्ता पक्ष के ही कई सदस्यों ने पीएम के इस कदम की आलोचना की है। पीएम ने यह कदम तब उठाया, जब संसदीय समिति में उन्होंने बहुमत खो दिया।

क्या है मामला ?

जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री ओली पर संवैधानिक परिषद अधिनियम से संबंधित एक अध्यादेश को वापस लेने का दबाव था। इस अध्यादेश को मंगलवार को जारी किया गया था और उसी दिन राष्ट्रपति बिद्या देवी भंडारी ने मंजूरी भी दे दी थी। ओली ने जब रविवार सुबह दस बजे कैबिनेट की आपात बैठक बुलाई थी, तो काफी हद तक उम्मीद की जा रही थी कि यह अध्यादेश को बदलने की सिफारिश करेगी. लेकिन ओली सरकार ने संसद को ही भंग करने का फैसला ले लिया। मंत्री परिषद की बैठक में सभी मंत्रियों ने संसद को भंग करने की संस्तुति की थी। राष्ट्रपति ने कैबिनेट की संस्तुति पर नेपाल की संसद भंग करते हुये मध्यावधि चुनावों की घोषणा भी कर दी है। सत्ताधारी पार्टी में ही विरोध वहीं संसद भंग करने के इस कदम को संविधान विरोधी बताया जा रहा है। यही वजह है कि सत्ताधारी में शामिल नेपाल कम्युनिष्ट पार्टी ने ही इस प्रस्ताव का विरोध किया था। विश्लेषकों के मुताबिक नेपाल के संविधान में संसद को भंग करने का कोई प्रावधान नहीं है , प्रधानमंत्री का कदम असंवैधानिक है। ऐसे में अन्य राजनैतिक दल सरकार के इस फैसले को अदालत में चुनौती दे सकते है। उनका कहना है कि यह लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है और देश को पीछे ले जायेगा , यह लागू नहीं होना चाहिये। पहले नेपाल में जो राजनीतिक अस्थिरता हुआ करती थी इसके चलते संसद भंग करने का प्रावधान नहीं रखा गया था ताकि स्थायित्व बना रहे। अब क़ानूनविदों ने राष्ट्रपति से संसद भंग करने की सिफारिश स्वीकार ना करने की अपील की है. अगर राष्ट्रपति ये सिफारिश मान लेते हैं तो संकट काल भी लग सकता है। बैठक प्रधानमंत्री ओली के संसद भंग करने की सिफारिश के बाद विपक्ष भी सक्रिय हो गया है। अब देखने वाली बात यह है कि क्या नेपाल की राष्ट्रपति ओली सरकार के इस असवैंधानिक सलाह पर क्या फैसला सुनाती हैं ? नेपाल की प्रमुख विपक्षी पार्टी नेपाली कांग्रेस ने घटनाक्रम को देखते हुये आपात बैठक बुलायी है।

Share This News