ब्रिटेन में कोरोना वायरस के नये स्ट्रेन से दुनियाँ दहशत में।
ब्रिटेन में कोरोना वायरस के नये स्ट्रेन से दुनियाँ दहशत में

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
नई दिल्ली — इंग्लैंड में कोरोना वायरस के नये प्रकार के सामने आने से दुनियाँ भर में एक बार फिर तनाव बढ़ गया है। ब्रिटेन में कोरोना के नए प्रकार ने वायरस के खिलाफ लड़ाई में एक नया मोड़ ला दिया है। जिसकी वजह से ब्रिटेन में एक बार फिर कोरोना के मरीजों की संख्या में तेजी आ गई है। इसको देखते हुये दुनियाँ के कई देशों ने ब्रिटेन से आने और जाने पर प्रतिबंध लगा दिया है। यहीं नहीं ब्रिटेन के यूरोपीय पड़ोसियों ने भी खतरे को देखते हुये यूके के यात्रियों के लिये अपने दरवाजों को बंद करना शुरू कर दिया है। वहीं भारत भी इसको लेकर पूरी तरह से अलर्ट है। यूके में कोरोना कोविड-19 की मौजूदा स्थिति को देखते हुये भारत सरकार ने यूके से भारत आने वाली सभी उड़ानें 22 दिसंबर रात 11:59 बजे से 31 दिसंबर रात 11:59 बजे तक अस्थायी रूप से निलंबित करने का फैसला लिया है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय द्वारा जारी बयान के मुताबिक जो भी यात्री 22 दिसंबर को 23:59 बजे से पहले भारत पहुंँच रहे हैं, उन्हें भारत पहुंँचने पर आरटी-पीसीआर टेस्ट कराना होगा। ब्रिटेन में तेजी से फैल रहा कोरोना वायरस का यह नया स्ट्रेन पूर्व के वायरस के मुकाबले 70 प्रतिशत अधिक तेजी से फैलता है। भारत सरकार को डर है कि अगर यह वायरस देश में आया तो बहुत तेजी से कोरोना वायरस के मामले बढ़ सकते हैं। गौरतलब है कि ब्रिटेन कोरोना महामारी के सबसे बुरे दौर से गुजर रहा है। इटली के स्वास्थ्य मंत्रालय ने इस महत्वपूर्ण जानकारी की पुष्टि करते हुये लोगों को कोरोना वायरस संक्रमण से सावधान रहने की अपील की है। ब्रिटेन में नये सिरे से कोरोना संक्रमण पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने कहा है कि भारत में लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है , सरकार जरूरत के मुताबिक कदम उठा रही है।
इन देशों ने लगाई रोक
दक्षिण इंग्लैंड में कोरोना वायरस का नया स्ट्रेन सामने आने के बाद रविवार को यूरोपीय संघ के कई देशों ने ब्रिटेन से आने वाली उड़ानों पर रोक लगा दी है ताकि वायरस का नया रूप उनके देशों में नहीं पहुंँचे जबकि कई अन्य देश ऐसे ही प्रतिबंधों को लेकर विचार कर रहे हैं। फ्रांस , जर्मनी , नीदरलैंड , बेल्जियम , ऑस्ट्रिया , रोमानिया , टर्की और इटली ने ब्रिटेन की यात्रा पर रोक लगाने का ऐलान कर दिया है। इनके अलावा कोलंबिया , चिली , कनाडा , कुवैत , सउदी अरब सहित कई अन्य देशों ने भी फ्लाइट पर रोक लगा दी है।
केजरीवाल ने की थी मांँग
इससे पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस मसले पर ट्वीट करते हुये लिखा था कि यूके में कोरोना के नये स्ट्रेन से हलचल है और वो सुपर स्प्रेडर की तरह काम कर रहा है , ऐसे में भारत सरकार को यूके की सभी फ्लाइट बैन करनी चाहिये।

