पिथौरागढ़ भ्रमण पर पहुँचे माननीय उपाध्यक्ष प्रकाश चंद्र हर्बोला

पिथौरागढ़ । पिथौरागढ़ भ्रमण पर पहुँचे माननीय उपाध्यक्ष (राज्य मंत्री) नगरीय पर्यावरण संरक्षण परिषद् उत्तराखण्ड सरकार प्रकाश चंद्र हर्बोला द्वारा शुक्रवार को नगर पालिका सभागार पिथौरागढ़ में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन गतिविधियों की समीक्षा करते हुए प्रदूषण नियंत्रण हेतु इस क्षेत्र में किये जा रहे कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान नगर पालिका पिथौरागढ़ क्षेत्र अंतर्गत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन हेतु किये जा रहे कार्यों के संबंध में अधिशासी अधिकारी नगर पालिका मनोद दास ने अवगत कराया कि पिथौरागढ़ नगर पालिका अंतर्गत कुल 20 वार्ड हैं। प्रत्येक वार्ड में मौहल्ला स्वच्छता समिति का गठन किया गया है। प्रत्येक वार्ड में डोर टू डोर( हर घर से) नियमित कूड़ा एकत्रित कर उसमें जैविक एवं अजैविक कूड़े को अलग कर उसका निस्तारण किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त कूड़े से जैविक खाद भी बनाई जा रही है, जिसमें अभी तक 10 टन जैविक खाद बना दी गयी है। इसके अतिरिक्त नगर क्षेत्रांतर्गत 12 कम्पोस्ट पीट भी बनाये गये हैं। अधिशासी अधिकारी ने अवगत कराया कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन हेतु प्लांट तैयार किये जाने के लिए भूमि का चयन कर कार्यवाही गतिमान है। इसके अतिरिक्त उन्होंने माननीय उपाध्यक्ष को अवगत कराया कि नगरीय क्षेत्र में नियमित रूप से सफाई की जाती है। इसके अतिरिक्त वर्तमान तक प्रदूषण नियंत्रण हेतु कुल 235 चालान कर दो लाख 22 हजार रुपये का अर्थ दंड वसूला गया है। बैठक के दौरान माननीय उपाध्यक्ष नगरीय पर्यावरण संरक्षण परिषद् ने कहा कि पर्यावरण मित्रों को सरकारी योजनाओं का लाभ मुहैया कराने के साथ ही सामूहिक बीमा योजना के अतिरिक्त स्वास्थ्य कार्ड बनाये जाने हेतु विभागीय स्तर पर कार्यवाही की जाये। उन्होंने कहा की नगरीय क्षेत्र में स्थित सभी सार्वजनिक शौचालयों की नियमित सफाई के साथ ही सभी होटलों का प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड में पंजीकरण होना आवश्यक है। उक्त संबंध में उद्योग विभाग से आये प्रतिनिधि द्वारा अवगत कराया गया कि एकल खिड़की प्रणाली के तहत प्राप्त कुल 30 आवेदनों में से 25 होटलों का प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड में पंजीकरण कर लिया गया है। इसके अतिरिक्त चिकित्सा विभाग से आये प्रतिनिधि द्वारा अवगत कराया कि जिले में बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट के तहत कुल 227 चिकित्सालयों/केंद्रों आदि का प्रदूषण निंयत्रण बोर्ड में पंजीकरण कर लिया गया है। उक्त संबंध में माननीय उपाध्यक्ष ने कहा कि निजी चिकित्सालयों द्वारा भी इसमें पंजीकरण कराना अत्यंत आवश्यक है। इस हेतु समिति द्वारा समय- समय पर इसका निरीक्षण भी किया जाना आवश्यकीय है। बैठक के उपरांत माननीय उपाध्यक्ष द्वारा जिला चिकित्सालय पिथौरागढ़ के निरीक्षण के साथ ही नगर के विभिन्न शौचालयों एवं विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण भी किया गया।
बैठक में अध्यक्ष नगर पालिका राजेन्द्र रावत, अधिशासी अधिकारी मनोज दास, पशुपालन विभाग से डा. लाल सिंह, आयुर्वेदिक विभाग से डा. राजेन्द्र जोशी, नगर पालिका से उमेश अवस्थी, एन.बी. पाण्डे्य, सचिन कुमार, बसंत जोशी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी आदि उपस्थित रहे।

