व्यवस्थाओं से नाराज साधुओं ने किया मेला अफसर पर हमला
व्यवस्थाओं से नाराज साधुओं ने किया मेला अफसर पर हमला

हरिद्वार ।कुंभ मेले के इंतजामों की कमान संभाल रहे अफसर पर एक अखाड़े के कुछ साधुओं ने हमला कर दिया। अफसर को बचाने आए उनके गार्ड की बुरी तरह पिटाई कर दी गई। घायल गार्ड को अस्पताल भर्ती किया गया । अफसर के चेहरे पर चोट आई और अखाड़े से उन्हें आईजी संजय गुंज्याल बाहर लाए। इस मामले में देर रात तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई थी।
बैरागी कैंप में बिजली आपूर्ति ठप होने की शिकायतें साधु कई दिन से कर रहे थे। गुरुवार शाम अपर मेलाधिकारी बिजली व्यवस्था को जांचने बैरागी कैंप गए। अपर मेलाधिकारी के पहुंचने पर अखाड़े के एक साधुओं ने उन्हें अव्यवस्थाओं के लिए कोसना शुरू कर दिया। अपर मेलाधिकारी समझाने लगे तो साधुओं ने उन्हें वहां से जाने को कहा। अपर मेलाधिकारी के अपनी गाड़ी में बैठते हि, कुछ साधुओं ने उन्हें गाड़ी से बाहर खींचना शुरू कर दिया। उनके सुरक्षा गार्ड ने बचाव करने की कोशिश की तो आरोप है कि, साधुओं ने गार्ड को पीट दिया। बेहोश गार्ड को अस्पताल ले जाना पड़ा।
घटना की जानकारी मिलने पर मेला आईजी संजय गुंज्याल, एसएसपी कुंभ जन्मेजय खंडूड़ी और एसएसपी सेंथिल अबूदई कृष्णराज एस फोर्स के साथ बैरागी कैंप पहुंचे। आईजी संजय गुंज्याल ने स्वयं अपनी गाड़ी में पहले अपर मेलाधिकारी को बैरागी कैंप से बाहर निकाला। तथा बाद उन्होंने बैरागी संन्यासियों के श्रीमहंतों के साथ बंद कमरे में बैठक की।
भीड़ में किसी साधु ने अपर मेलाधिकारी को धक्का दिया। इससे अधिकारी के चश्मे का शीशा टूटकर उनके चेहरे पर लगा। अखाड़ा परिषद भी इस पर बैठक करेगा। अपनी ओर से मामले की जांच कराई जा रही है।

