एक पारी और 76 रनों से भारत की पराजय।
एक पारी और 76 रनों से भारत की पराजय

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
लीड्स (इंग्लैंड) – मेजबान इंग्लैंड ने सीरीज के तीसरे टेस्ट मैच में भारत को पारी और 76 रनों से बुरी तरह हरा दिया। हेडिंग्ले के लीड्स मैदान में तीसरे टेस्ट के मुकाबले के चौथे ही दिन भारत की दूसरी पारी 278 रन पर सिमट गई , इस जीत के साथ ही इंग्लैंड ने लार्ड्स में मिली हार का बदला लेते हुये पांच मैचों की सीरीज में 1-1 से बराबरी भी कर ली। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी टीम इंडिया अपनी पहली पारी में सिर्फ 78 रन बना सकी थी। जबकि इंग्लैंड ने अपने बल्लेबाज़ों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत अपनी पहली पारी में 432 रन बनाकर 354 रनों की विशाल बढ़त हासिल की थी। इसके जवाब में तीसरे दिन फाइट बैक करने वाली टीम इंडिया ने चौथे दिन हथियार डाल दिये और पूरी टीम सिर्फ 278 रनों पर सिमट गई। भारत के लिये सबसे ज्यादा 91 रन चेतेश्वर पुजारा ने बनाये। कप्तान विराट कोहली ने 55 रन बनाये , इन दोनों के अलावा रोहित शर्मा ने 59 रन बनाये थे। लेकिन इन तीनों के अलावा भारत का कोई और बल्लेबाज विकेट पर पैर नहीं जमा सका। भारतीय टीम को दूसरी पारी में पहला झटका इंग्लैंड के तेज गेंदबाज क्रेग ओवर्टन ने दिया और उन्होंने के०एल० राहुल को 08 रन पर आऊट किया। हिटमैन रोहित शर्मा ने दूसरी पारी में शानदार संघर्ष किया और 156 गेंदों पर 59 रन की पारी खेली , लेकिन उन्हें राबिन्सन ने पगबाधा आऊट कर दिया। पुजारा ने शानदार पारी खेली , लेकिन 91 रन के स्कोर पर उन्हें राबिन्सन ने पगबाधा आउट कर दिया। कप्तान कोहली ने 55 रन की अच्छी पारी खेली , लेकिन राबिन्सन की गेंद पर रूट के हाथों लपके गये। रहाणे को सिर्फ 10 रन के स्कोर पर एंडरसन ने बटलर के हाथों कैच करवा दिया। भारत का छठा विकेट रिषभ पंत के तौर पर गिरा और वो एक रन बनाकर राबिन्सन की गेंद पर कैच आऊट हुये। मो. शमी 06 रन बनाकर मोइन अली की गेंद पर आऊट हुये , इसके बाद इशांत शर्मा दो रन बनाकर राबिन्सन के शिकार हुये। रवींद्र जडेजा ओवरटन की गेंद पर 30 रन बनाकर आऊट हुये , फिर उन्होंने सिराज को डक पर पवेलियन भेज दिया। जसप्रीत बुमराह 01 रन बनाकर नाबाद रहे। इंग्लैंड ने चौथे दिन भारत के बाकी के आठ विकेट पहले ही सत्र में झटक कर उसे हार के लिये विवश कर दिया। इस तरह इंग्लैंड ने तीसरा टेस्ट पारी और 76 रनों से अपने नाम किया। इंग्लैंड की इस जीत के हीरो तेज़ गेंदबाज़ ओली रॉबिन्सन ने पहली पारी में दो और दूसरी पारी में पांच विकेट लिये , वहीं दूसरी पारी में क्रेग ओवरटन ने भी तीन विकेट चटकाये। सीरीज का चौथा टेस्टमैच लंदन के केनिंग्टन ओवल मैदान पर 02 सितंबर से खेला जायेगा।
भारत की टीम-
रोहित शर्मा , केएल राहुल , चेतेश्वर पुजारा , विराट कोहली (कप्तान) , अजिंक्य रहाणे , रिषभ पंत (विकेटकीपर) , रवींद्र जडेजा , मोहम्मद शमी , इशांत शर्मा , जसप्रीत बुमराह , मोहम्मद सिराज।
इंग्लैंड की टीम-
रोरी बर्न्स , हसीब हमीद , डेविड मालन , जो रूट (कप्तान) , जानी बेयरस्टो , जोस बटलर (विकेटकीपर) , मोइन अली , सैम कुर्रन , क्रेग ओवरटन , ओली राबिन्सन , जेम्स एंडरसन।

