FEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhpputtarakhand

पिथौरागढ़ महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने किशोर की रिहाई के लिए जिलाधिकारी कार्यालय मे जोरदार प्रदर्शन किया।

न्यूज होम लाइव नेटवर्क:-

पिथौरागढ़: युवा पत्रकार किशोर कुमार की गिरफ्तारी का विरोध तेज होने लगा है। पिथौरागढ़ महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने  किशोर की रिहाई के लिए जिलाधिकारी कार्यालय के आगे जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी छात्रों ने कहा कि एक पत्रकार के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी करना स्वतंत्र पत्रकारिता के लिए एक बड़ा ख़तरा है। यह न केवल एक पत्रकार का उत्पीड़न है बल्कि भविष्य में जातीय और सामाजिक उत्पीड़न के मुद्दों को उठाने वाले पत्रकारों और नागरिकों के लिए भी एक भय का माहौल तैयार किया जा रहा है।

बता दें कि पत्रकार किशोर कुमार को पिथौरागढ़ पुलिस ने दो जाति विशेष के समुदायो के मध्य सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और जातीय वैमनस्य फैलाने का आरोप लगते हुए धारा- 153 A के तहत मुकदमा दर्ज करते हुए जेल भेजा है। वहीं अब किशोर की रिहाई को लेकर तमाम सामाजिक राजनीतिक संगठन के साथ ही पिथौरागढ़ महाविद्यालय के छात्र आगे आने लगे हैं। महाविद्यालय के छात्रों ने आज(मंगलवार) पोस्टरों के साथ प्रदर्शन करते हुए किशोर की रिहाई की मांग की। साथ ही पुलिस की कार्रवाई को द्वेषपूर्ण बताया है। पोस्टर के माध्यम से छात्रों ने पुलिस पर तंज कसते हुए नसीहत दी है कि जनमुद्दे उठाने वाले पत्रकारों पर कार्रवाई करने के बजाए जिले में अवैध नशे के गोरखधंधे और आपराधिक कृत्यों में लिप्त लोगों पर लगाम लगाई जाये। प्रदर्शनकारी छात्रों ने चेतावनी दी है कि अगर किशोर कुमार पर दर्ज फर्जी मुकदमा वापस नहीं लिया गया और उसकी तुरन्त रिहाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

Share This News