मुख्यमंत्री उप चुनाव अपने गृह जनपद से लड सकते है।
मुख्यमंत्री उप चुनाव अपने गृह जनपद से लड सकते है।

न्यूज होम लाइव नेटवर्क:-
देहरादून।धामी के विधायक न होने के बावजूद मुख्यमंत्री बनने पर उनके समक्ष आगामी 6 माह के भीतर विधानसभा का उपचुनाव जीतने की संवैधानिक मजबूरी भी है। उनकी नई सीट को लेकर कयास भी लगने शुरू हो गये हैं। हालांकि चंपावत, जागेश्वर, रुड़की, कपकोट, भीमताल व खानपुर के यानी आधा दर्जन विधायक धामी के लिए अपनी सीट छोड़ने की बात कह चुके हैं, लेकिन माना जा रहा है कि वह इनमें से किसी भी सीट से नहीं, बल्कि अपने गृह जनपद की एक सीट से उपचुनाव लड़ सकते हैं। यहां पार्टी के एक वरिष्ठ नेता से इस्तीफा दिलाकर उन्हें आगामी जुलाई माह में राज्यसभा भेजने की भी चर्चा है। इसके अलावा इसी जनपद के पूर्व में इस्तीफा देने की धमकी दे चुके एक कांग्रेस विधायक की सीट को लेकर भी चर्चाएं शुरू हो गई हैं। यह विधायक पूर्व में भी अपनी सीट खाली कर चुके हैं। उनके अपने गृह जनपद का प्रतिनिधित्व करने से पहाड़ के कलेवर वाले उत्तराखंड में एक अच्छा संदेश भी जाएगा। इनके अलावा स्वास्थ्य कारणों से पहले दिन विधायकी की शपथ ग्रहण न कर पाए कांग्रेस विधायक को लेकर भी चर्चाएं चल रही हैं। गौरतलब है कि पूर्व में राज्य के तत्कालीन सीएम भुवन चंद्र खंडूड़ी व विजय बहुगुणा दूसरी पार्टियों के विधायकों की सीटें खाली कराकर ही उपचुनाव जीते हैं।
पुष्कर सिंह धामी दूसरी बार उत्तराखंड के मुख्यमंत्री होंगे। वह न केवल दूसरी बार बल्कि लगातार दूसरी बार भी उत्तराखंड के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। उनके सीएम बनने से राज्य में पहली बार स्वाभाविक दावेदार को मुख्यमंत्री न बनाए जाने का मिथक भी टूट गया है। पूर्व में भगत सिंह कोश्यारी 2002 व 2012, हरीश रावत 2012, अजय भट्ट 2017 के चुनाव में पार्टी की जीत के साथ स्वाभाविक दावेदार होने के बावजूद मुख्यमंत्री नहीं बन पाए थे। लेकिन अब उनके मुख्यमंत्री बनने से उत्तराखंड में छह माह के भीतर किसी विधायक को उनके लिए सीट खाली करनी होगी और धामी को उस सीट से उपचुनाव लड़कर चुनाव जीतना होगा। गौरतलब है कि आज तक भगत सिंह कोश्यारी व डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक के अलावा कोई भी मुख्यमंत्री पद से हटने के बाद कोई चुनाव नहीं जीत पाया। यह जरूर है कि धामी के लिए करीब आधा दर्जन विधायक सीट छोड़ने की पहले ही घोषणा कर चुके हैं। बताया जा रहा है कि इसे ही उनकी लोकप्रियता मानते हुए तथा उनके छह माह के कार्यकाल के बाद ही पार्टी के बढ़े ग्राफ के बाद पूरे प्रदेश में चुनाव की कमान सोंपते हुए भाजपा को इतिहास रचते हुए दो-तिहाई बहुमत के साथ सत्ता में लौटाने व तनाव के क्षणों में भी उनके शांत बने रहने, को देखते हुए ही भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने उन्हें खुद का चुनाव हारने के बावजूद दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की कमान सोंपी है। उनके दुबारा मुख्यमंत्री बनने के बाद अब यह सवाल भी उत्पन्न हो गया है कि क्या उनके मंत्रिमंडल में भी अधिकांश पुराने मंत्री ही लौटेंगे या वहां भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व अलग रुख अख्तियार कर सकता है।

