पुष्कर सिंह धामी की नई टीम की पूरी प्रोफाइल, किसकी कितनी उम्र है और कौन कितना पढ़ा लिखा…

न्यूज होम लाइव नेटवर्क:-
देहरादून।इन बार कैबिनेट में तीन नए चेहरे शामिल किए गए हैं। इनमें पिछली बार विधानसभा अध्यक्ष रहे प्रेमचंद अग्रवाल, पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा के बेटे सौरभ बहुगुणा और चंदन राम दास शामिल हैं।
पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के सीएम पद की शपथ ले ली है। वे राज्य के 12वें मुख्यमंत्री बन गए हैं। उनके साथ आठ मंत्रियों को भी राज्यपाल ले. जनरल गुरमीत सिंह (रि.) ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई है। इसमें एक महिला मंत्री भी शामिल हैं। धामी कैबिनेट में सबसे युवा मंत्री रेखा आर्य और सौरभ बहुगुणा हैं। जिनकी उम्र 43 साल है जबकि सबसे उम्रदराज मंत्री सतपाल महाराज हैं, जो 70 साल के हैं। धामी के मंत्रिमंडल की औसतन उम्र 55.9 साल है।
सतपाल महाराज
सतपाल महाराज ने मंत्री पद की शपथ ली। सतपाल महाराज ने चौबट्टाखाल सीट से जीत दर्ज की है। पिछली सरकार में भी वह मंत्री थे। सतपाल महाराज कैबिनेट के सबसे अमीर मंत्री होने के साथ ही सबसे बुजुर्ग मंत्री भी हैं। उनकी उम्र 70 साल है। वे 12वीं पास हैं। इससे पहले तक वे कांग्रेस का हिस्सा थे। सतपाल महाराज केंद्र की देवेगौड़ा और गुजराल सरकार में राज्य मंत्री भी रह चुके हैं। वे सबसे अमीर मंत्री हैं। उनके पास कुल 87.34 करोड़ की संपत्ति हैं।
प्रेमचंद्र अग्रवाल
प्रेमचंद्र अग्रवाल को धामी की नई टीम का हिस्सा बनाया गया है। उन्होंने अपना शपथ संस्कृत में पढ़ा। राज्य की चौथी विधानसभा के वे अध्यक्ष थे। इस बार वे ऋषिकेश सीट से जीतकर यहां तक पहुंचे हैं। उनकी उम्र 60 साल से अधिक है। उन्होंने पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है।
गणेश जोशी
गणेश जोशी कैबिनेट के सबसे कम पढ़े लिखे मंत्री हैं। जोशी सिर्फ 10वीं पास हैं। उनकी उम्र 60 साल के करीब है। जोशी पिथौरागढ़ जिले के रहने वाले हैं। इनका जन्म 1958 में मेरठ में हुआ था। गणेश जोशी 1976 से 1983 तक भारतीय सेना में रहे। वर्तमान में वे देहरादून में रहते हैं और नई सरकार के कैबिनेट का हिस्सा हैं।
धनसिंह रावत
आठ मंत्रियों में एक नाम धन सिंह रावत का भी है। वे उच्च शिक्षा मंत्री भी रह चुके हैं। 2017 में पौड़ी गढ़वाल की श्रीनगर सीट से धनसिंह रावत पहली बार विधायक बने थे। अपने विनम्र स्वभाव के लिए जाने जाते हैं। उनकी उम्र 52 साल है। वे धामी कैबिनेट में सबसे ज्यादा पढ़े लिखे मंत्री हैं। उन्होंने पीएचडी की है। धन सिंह रावत की कुल संपत्ति 2.67 करोड़ है।
सुबोध उनियाल
सुबोध उनियाल ने भी मंत्री पद की शपथ ली। वे भी पोस्ट ग्रेजुएट हैं। उनकी उम्र 60 साल से ज्यादा है। सुबोध उनियाल नरेंद्रनगर से विधायक हैं। इससे पहले वह उत्तराखंड सरकार में कृषि मंत्री रह चुके हैं। 2017 में उन्होंने कांग्रेस का हाथ छोड़ बीजेपी का दामन थामा था। सबसे कम संपत्ति वाले मंत्रियों में सुबोध उनियाल दूसरे नंबर पर हैं। उनियाल की कुल संपत्ति 1.61 करोड़ है।
रेखा आर्य
रेखा आर्य कैबिनेट में शामिल एक मात्र महिला मंत्री हैं। उनकी उम्र 43 साल है। वे सबसे युवा मंत्री भी हैं। रेखा पोस्ट ग्रेजुएट हैं। महिला एवं बाल विकास मंत्री भी रह चुकी हैं। रेखा आर्य सोमेश्वर से विधायक हैं। 2003 में पहली बार जिला पंचायत सदस्य बनीं थी। साल 2017 में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले बीजेपी में आ गई और विधानसभा चुनाव जीतकर विधायक बनी। रेखा आर्य के पास 25.20 करोड़ की संपत्ति है। वे सतपाल महाराज के बाद दूसरी सबसे अमीर मंत्री हैं।
चंदनराम दास
60 साल के चंदन राम दास स्नातक हैं। उनके पास सबसे 1.24 करोड़ रुपये की संपत्ति है। बागेश्वर विधायक चंदनराम दास पहली बार मंत्रिमंडल का हिस्सा हैं। वे लगातार चार बार विधायक रह चुके हैं। अपने सरल स्वभाव के लिए जनता के बीच खासी पैठ रखते हैं।
सौरभ बहुगुणा
सितारंगज विधायक सौरभ बहुगुणा सबसे युवा मंत्री में से एक हैं। वे 43 साल के हैं। उन्होंने लॉ की पढ़ाई की है। सौरभ पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा के बेटे हैं। पहली बार मंत्री बने हैं। इन्होंने 2017 में भी सितारंगज से चुनाव जीता था।

