स्कॉर्पियो ने दो जवानों को कुचलते हुए भाग निकली

पटना/न्यूज लाइव संवाददाता एस. एच. चंचल:–
पटना। राजधानी पटना के गर्दनीबाग थाना क्षेत्र के चितकोहरा गोलंबर के समीप शनिवार की देर रात पुलिस की गश्ती बाइक को स्कॉर्पियो ने जोरदार टक्कर मार दी। बाइक सवार दो जवानों को कुचलते हुए स्कॉर्पियो चालक वाहन समेत फरार हो गया। लहूलुहान हालत में जवानों को पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। इसमें एक जवान की मौत हो गई।
सिटी एसपी अमरकेश डी ने बताया कि दोषी चालक की तलाश जारी है। जानकारी के अनुसार रात करीब एक बजे क्यूआरटी के जवान निरंजन और प्रेमचंद बाइक से गश्त लगाते हुए अनिसाबाद से चितकोहरा गोलंबर की तरफ जा रहे थे।
पटना नगर निगम के कर्मियों ने नाला उड़ाही के बाद कचरे को सड़क किनारे रख दिया था, जो फैलते हुए रोड पर आ गया। उसके कारण सड़क पर फिसलन होने लगी। इस बीच मौके से गुजर रहे पुलिसकर्मियों की बाइक फिसलने लगी। उनके पीछे तेज रफ्तार में स्कॉर्पियो आ रही थी।
स्कॉर्पियो ने बाइक में जोरदार टक्कर मारी और भागने के क्रम में दोनों जवानों को कुचल डाला। एक जवान के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। वहीं, दूसरे जवान का पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। इलाज के दौरान एक की मौत हो गई।

