पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश और हिमपात की संभावना ।

एनएचएल नेटवर्क।
देहरादून। उत्तराखंड में इन दिनों मौसम का मिजाज शुष्क बना हुआ है। सुबह शाम कड़क ठंड के साथ ही दिन में धूप खिलने से राहत है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान के मुताबिक प्रदेश में अगले 48 घंटे (आज और कल) मौसम शुष्क रहेगा,जबकि चार पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश और हिमपात की संभावना है , वहीं मैदानी इलाकों में सुबह शाम हल्का कोहरा छाए रह सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉक्टर विक्रम सिंह के मुताबिक फिलहाल 31 जनवरी तक मौसम में कोई बड़े परिवर्तन की संभावना नहीं है। उन्होंने बताया 1 फरवरी से प्रदेश भर में मौसम के करवट लेने के आसार हैं।
मौसम पूर्वानुमान आज और कल
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून द्वारा जारी लेटेस्ट मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक प्रदेश में आज और कल यानी 29 और 30 जनवरी को उत्तरकाशी, चमोली , पिथौरागढ़ और रुद्रप्रयाग जिले में कहीं-कहीं हल्की बारिश और ऊंची चोटियों में बर्फबारी की संभावना है। वहीं अन्य जिलों में आंशिक बादल और धूप के साथ ही मौसम शुष्क रहेगा। वहीं उधम सिंह नगर हरिद्वार सहित मैदानी इलाकों में सुबह शाम हल्का कोहरा छाए रहने के आसार है। जबकि अधिकांश इलाकों में धूप- छांव का दौर जारी रहेगा।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉक्टर विक्रम सिंह ने बताया कि 31 जनवरी तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। उन्होंने बताया 1 फरवरी को मौसम के करवट लेने से पहाड़ से लेकर मैदान तक बारिश और ऊंची चोटियों में बर्फबारी के आसार है।

