पटना में एचपी के गैस गोदाम में लगी भीषण आग, एक के बाद एक कर उड़ने लगे सिलिंडर

पटना/न्यूज लाइव संवाददाता एस.एच. चंचल:-
पटना। पटनासिटी के मालसलामी स्थित थाना के चेकपोस्ट के नजदीक गैस गोदाम में आग लग गई जिससे कई सिलेंडर फट गए और आग ने भीषण रूप धारण कर लिया। एक-एक कर कई सिलिंडर में ब्लास्ट होने लगा जिससे आसपास रहने वाले लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक दीदारगंज थाना इलाके में एचपी गैस गोदाम में शनिवार की सुबह भीषण आग लग गई घटना की सूचना मिलते ही फायर बिग्रेड की छह गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंची और साथ में एनडीआरएफ की टीम भी पहुंची। दोनों टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
बताया जा रहा है कि आग की लपटें इतनी तेज थी कि एक के बाद एक कई सिलेंडर में ब्लास्ट होने लगा जिससे आग ने भीषण रूप धारण कर लिया। इसके साथ ही कई सिलिंडर उछल-उछलकर सड़कों पर आ गिरे। पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई लोग इधर-उधर भागने लगे। हालांकि आग पर अभी काबू पा लिया गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक घटना में करीब 20 सिलिंडर फटे हैं। घटना और भयावह हो सकती थी क्योंकि गैस गोदाम के पास ही केमिकल गोदाम है और यदि उसमें आग लग जाती तो काफी नुकसान होता।इस घटना में लाखों के नुकसान की बात कही जा रही है।
लोगों के मुताबिक ट्रक पर गैस सिलेंडर लोड करने के दौरान यह हादसा हुआ है। अभी तक किसी के जख्मी होने की खबर नहीं है, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

