पहाड़ से लेकर मैदान तक धूप खिलने के चलते नवंबर प्रथम सप्ताह में भी कोई खास ठंड का असर नहीं दिखाई दे रहा।

एनएचएल नेटवर्क।
देहरादून। उत्तराखंड राज्य इन दिनों गुलाबी ठंड के बीच मौसम का मौसम सामान्य बना हुआ है। पहाड़ से लेकर मैदान तक धूप खिलने के चलते नवंबर प्रथम सप्ताह में भी कोई खास ठंड का असर नहीं दिखाई दे रहा है हालांकि सुबह शाम धीरे-धीरे ठिठुरन बढ़ने लगी है। पहाड़ों में हुई बारिश और ऊंचाई वाले स्थानों पर पड़ी बर्फ का असर अब तराई–दून तक महसूस होने लगा है, जिसके चलते सुबह-शाम की ठंड में हल्का इज़ाफा दर्ज किया जा रहा है। वहीं मौसम विज्ञान विभाग ने राज्य में अगले कुछ दिनों तक किसी भी बड़े बदलाव की संभावना से इंकार किया है।
मौसम पूर्वानुमान…..
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून द्वारा जारी लेटेस्ट मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तराखंड राज्य में आज 8 नवंबर शनिवार को मौसम का मिजाज शुष्क रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश में अगले चार-पांच दिन मौसम शुष्क और साफ बना रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सी.एस. तोमर ने बताया कि फिलहाल भूमध्य रेखा के पास स्थित समुद्री क्षेत्र में ‘ला नीना’ स्थिति अभी कमजोर अवस्था में है और यह पैटर्न अभी स्थिर नहीं है। वायुमंडलीय दबाव भी सक्रिय बना हुआ है। ऐसे में नवंबर की शुरुआत में तापमान सामान्य से कुछ अधिक रहने की संभावना है, यानी सर्दी पूरी तरह सेट होने में अभी थोड़ा समय और लग सकता है। हालांकि यदि पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होता है तो तापमान में अचानक गिरावट भी संभव है।मौसम वैज्ञानिकों की माने तो प्रदेश में 15 नवंबर के बाद पहाड़ों में बारिश और बर्फबारी के बाद तापमान में गिरावट की संभावना है। जिसके चलते पहाड़ से लेकर मैदान तक ठंड में इजाफा होने के साथ ही शीतलहर और कोहरे का सामना भी करना पड़ सकता है। 12 नवंबर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 08 से 12 नवंबर के बीच पूरे प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है। ज्यादातर स्थानों पर आकाश साफ रहने का अनुमान है, जबकि मैदानों में सुबह हल्का कुहासा दिखाई दे सकता है। देहरादून में भी मौसम खुला रहेगा। शहर का अधिकतम तापमान लगभग 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम करीब 14 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है।

