अल्मोड़ा में दर्दनाक हादसा: 100 मीटर गहरी खाई में गिरा डंपर, चालक की मौत।

एनएचएल नेटवर्क📡
अल्मोड़ा, 30 मई 2026। जिले की सल्ट तहसील के महरौली क्षेत्र के पास शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में डंपर चालक की मौत हो गई। मौलेखाल से रुडोली की ओर जा रहा एक डंपर अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के समय वाहन खाली बताया जा रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार डंपर संख्या यूके-04 सीबी-1327 मौलेखाल से रुडोली की ओर जा रहा था। महरौली के निकट चित्तौड़गढ़ क्षेत्र में अचानक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। दुर्घटना की सूचना रात करीब 11:30 बजे डीसीआर के माध्यम से पुलिस को मिली।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों के सहयोग से चालक को खाई से बाहर निकाला गया और 108 एम्बुलेंस की मदद से देवायल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान 28 वर्षीय रमेश चंद्र रेखाड़ी पुत्र गोपाल दत्त रेखाड़ी निवासी बासौली, सल्ट (अल्मोड़ा) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया डंपर के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने से हादसा हुआ है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

