FEATUREDGeneralLatestNewspputtarakhandदेहरादून।मौसम

नौ जिलों में बारिश, आकाशीय बिजली और 50 किमी प्रतिघंटा तक तेज हवाओं की चेतावनी जारी की, प्री-मानसून गतिविधियां बढ़ीं लेकिन मानसून का इंतजार अभी बाकी।

एनएचएल नेटवर्क📡

देहरादून, उत्तराखंड में भीषण गर्मी और उमस के बीच मौसम विभाग ने राहत भरी खबर दी है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के अनुसार प्रदेश के नौ जिलों में बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। अगले दो से तीन दिनों के दौरान तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। हालांकि इसके बाद तापमान में फिर से बढ़ोतरी के संकेत हैं। मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार, 23 जून को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, देहरादून, टिहरी, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ बारिश, आकाशीय बिजली चमकने तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसी को देखते हुए इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के अन्य हिस्सों में भी हल्की वर्षा और गर्जन वाले बादल विकसित होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार 24 और 25 जून को भी प्रदेश के 9 जिलों में मौसम का मिजाज बदला रहेगा। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश, गर्जन और तेज हवाओं की गतिविधियां जारी रह सकती हैं।

मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि इस अवधि में अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे मैदानी इलाकों में गर्मी और उमस से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार 26 जून से मौसम में आंशिक बदलाव देखने को मिल सकता है। इसके बाद तापमान में एक बार फिर 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है। हालांकि पर्वतीय क्षेत्रों में छिटपुट बारिश का दौर जारी रह सकता है।

उत्तराखंड में मानसून का इंतजार फिलहाल लंबा खिंचता नजर आ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून वर्तमान में छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के आसपास सक्रिय है और उसकी प्रगति अपेक्षाकृत धीमी बनी हुई है। विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तराखंड में मानसून के आगमन में सामान्य से 7 से 10 दिनों तक की देरी हो सकती है। ऐसे में प्रदेश में आगामी एक सप्ताह तक मानसून पहुंचने की संभावना कम दिखाई दे रही है।

मौसम वैज्ञानिक रोहित थपलियाल के अनुसार सामान्य परिस्थितियों में उत्तराखंड में 25 जून के आसपास मानसून पूरी तरह सक्रिय हो जाता है, लेकिन इस वर्ष बंगाल की खाड़ी में अनुकूल मौसमी सिस्टम यानी कम दबाव के क्षेत्र का पर्याप्त विकास नहीं हो पाया है। इसी कारण मानसूनी हवाओं की उत्तर दिशा में बढ़ने की गति प्रभावित हुई है और मानसून की प्रगति धीमी पड़ गई है।

हालांकि मानसून में देरी के बावजूद प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में प्री-मानसून गतिविधियां लगातार बनी हुई हैं। कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा रही है, जिससे मौसम सुहावना बना हुआ है।

वहीं मैदानी क्षेत्रों में तेज धूप और बादलों की आवाजाही के बीच उमस लोगों को परेशान कर रही है। मौसम विभाग का मानना है कि आने वाले दिनों में प्री-मानसून बारिश का असर जारी रहेगा और इससे गर्मी का प्रभाव कुछ कम हो सकता है।  मौसम विभाग के दीर्घावधि पूर्वानुमान के अनुसार 28 जून तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश, गर्जन और तेज हवाओं की गतिविधियां बनी रह सकती हैं। विशेषकर पर्वतीय जिलों में मौसम लगातार सक्रिय रहने के संकेत हैं। सोमवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा। इससे एक दिन पहले रविवार को अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। प्रदेश के अन्य मैदानी इलाकों में भी बादलों की मौजूदगी के कारण गर्मी से कुछ राहत महसूस की गई।

 

Share This News