FEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhpputtarakhandथल

थल–सातशिलिंग मोटर मार्ग के निर्माण कार्य में अनियमितताओं का आरोप, कनिष्ठ ब्लॉक प्रमुख ने दी आंदोलन की चेतावनी ।

एनएचएल नेटवर्क के लिये अर्जुन रावत की रिपोर्ट। 

थल। लोक निर्माण विभाग द्वारा करीब 57 करोड़ रुपये की लागत से थल–सातशिलिंग–पिथौरागढ़ मोटर मार्ग पर सीआरआईएस मद से कराए जा रहे निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया गया है। कनालीछीना के कनिष्ठ ब्लॉक प्रमुख विजेंद्र मलड़ा ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए विभाग और ठेकेदार पर मनमानी का आरोप लगाया है।

कनिष्ठ ब्लॉक प्रमुख विजेंद्र मलड़ा का कहना है कि सड़क निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं किया जा रहा है। कई स्थानों पर सड़क को खोदकर छोड़ दिया गया है, जिससे दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य के दौरान कई नौले, धारे और प्राकृतिक पेयजल स्रोत क्षतिग्रस्त एवं दूषित हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जहां-जहां कलमट (स्कपर) का निर्माण किया जा रहा है, वहां सड़क की स्थिति बेहद खराब हो गई है। सड़क पर कीचड़ और जाम की समस्या के कारण स्कूली बच्चों, मरीजों और आम यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार स्कूली बच्चे तीन से चार घंटे तक जाम में फंसने को मजबूर हो रहे हैं।

विजेंद्र मलड़ा ने बताया कि इस संबंध में लोक निर्माण विभाग को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। उन्होंने विभाग से निर्माण कार्य की गुणवत्ता में सुधार करने, क्षतिग्रस्त पेयजल स्रोतों की सुरक्षा एवं मरम्मत कराने तथा सड़क को सुरक्षित और सुगम बनाने की मांग की है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही निर्माण कार्य में सुधार नहीं किया गया तो क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और स्थानीय जनता को एकजुट होकर जनहित में आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि घटिया और मानकविहीन निर्माण कार्य किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। समय रहते सुधारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर होने वाले लोकतांत्रिक आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और ठेकेदार की होगी।

Share This News