कैलाश मानसरोवर यात्रा के तीसरे दल के साथ चीन गए निगम कर्मचारियों का चौकोड़ी में हुआ भव्य स्वागत।

बेरीनाग संवाददाता।
बेरीनाग के चौकोड़ी। पवित्र श्री कैलाश मानसरोवर यात्रा के तीसरे दल के साथ यात्रियों की भोजन व्यवस्था हेतु चीन सीमा के भीतर गए कुमाऊँ मंडल विकास निगम के कुक एवं सहायक स्टाफ की सकुशल वापसी हो गई है। आज पर्यटक आवास गृह चौकोड़ी पहुँचने पर निगम कर्मचारियों ने प्रबंधक दीपक पंत के नेतृत्व में उनका जोरदार एवं गर्मजोशी से स्वागत किया।
गौर हो कि इस वर्ष कैलाश मानसरोवर यात्रा पर जा रहे सभी यात्रियों के दलों के साथ चीन में भोजन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के सुचारू संचालन के लिए कुमाऊँ मंडल विकास निगम के कर्मचारी विशेष रूप से जा रहे हैं। इसी क्रम में तीसरे दल के साथ निगम के सुंदर गिरी, प्रहलाद राम और गौरव सिंह को भेजा गया था।
निगम कर्मचारियों ने चीन के कठिन एवं दुर्गम यात्रा मार्गों और प्रत्येक पड़ाव पर भारतीय यात्रियों को उच्च गुणवत्तायुक्त भोजन एवं सुविधाएँ उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यात्रियों ने भी निगम कर्मचारियों के सेवाभाव और उत्कृष्ट व्यवस्था की सराहना की है।
चौकोड़ी पहुँचने पर प्रबंधक दीपक पंत ने कहा कि विषम परिस्थितियों में भी उत्कृष्ट सेवा प्रदान कर निगम का नाम रोशन करने वाले कर्मचारी बधाई के पात्र हैं। इस अवसर पर पर्यटक आवास गृह के कई कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

