बेरीनाग महाविद्यालय में दीक्षारम्भ कार्यक्रम आयोजित, नवाचार और अनुशासन पर दिया गया जोर।

बेरीनाग संवाददाता
बेरीनाग। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बेरीनाग में स्नातक प्रथम सेमेस्टर के नव-प्रवेशित विद्यार्थियों के लिए सोमवार (3 अगस्त) को ‘दीक्षारम्भ कार्यक्रम’ का भव्य आयोजन किया गया। प्राचार्य प्रोफेसर बी. एम. पाण्डेय की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नए छात्रों को महाविद्यालय के शैक्षणिक माहौल, अनुशासन और विभिन्न व्यवस्थाओं से परिचित कराना था।
उच्च शिक्षा और ‘जेन-जी’ के संस्कारों पर चर्चा
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उच्च शिक्षा निदेशक प्रोफेसर बी. एन. खाली ने ऑनलाइन माध्यम से विद्यार्थियों को संबोधित किया। अपने उद्बोधन में उन्होंने छात्रों को उच्च शिक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए निरंतर अध्ययनशील, अनुशासित और नवाचार के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया। उन्होंने विशेष रूप से ‘जेन-जी’ (Gen-Z) के संस्कारों की समाज निर्माण में भूमिका पर विस्तार से चर्चा की और युवाओं से अपने लक्ष्य निर्धारित कर ईमानदारी और परिश्रम के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
विभिन्न व्यवस्थाओं और नियमों से कराया अवगत।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के प्राध्यापकों ने नव-प्रवेशित छात्रों को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों और सुविधाओं की जानकारी दी:
शैक्षणिक परंपरा एवं गतिविधियां: इतिहास विभाग के प्रभारी डॉ. सुनील पंत ने महाविद्यालय की गौरवशाली उपलब्धियों और शैक्षणिक परंपराओं की जानकारी देते हुए नियमित कक्षाओं में उपस्थित रहने पर बल दिया।
परीक्षा प्रणाली: डॉ. प्रदीप दुर्गापाल ने विद्यार्थियों को महाविद्यालय की परीक्षा प्रणाली से अवगत कराया।
करियर कॉउंसलिंग एवं NSS: डॉ. प्रमेश टम्टा ने करियर मार्गदर्शन और राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की गतिविधियों के बारे में बताया।
छात्रवृत्ति एवं समर्थ पोर्टल: डॉ. अश्विनी कुमार ने छात्रवृत्ति योजनाओं और डॉ. लक्ष्मण सिंह देव ने ‘समर्थ पोर्टल’ की कार्यप्रणाली पर प्रकाश डाला।
पुस्तकालय एवं ई-लर्निंग: कौशल उप्रेती ने पुस्तकालय में उपलब्ध संसाधनों और ई-लर्निंग सुविधाओं की जानकारी साझा की।
अनुशासन: डॉ. विशाल टम्टा ने विद्यार्थियों को परिसर में सदैव अनुशासित रहने की सलाह दी।
संसाधनों के सही उपयोग और नैतिक मूल्यों की सीख
कार्यक्रम के समापन पर अध्यक्षीय संबोधन देते हुए प्राचार्य प्रोफेसर बी. एम. पाण्डेय ने सभी नव-प्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत किया। उन्होंने छात्रों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और नैतिक मूल्यों को अपनाने के साथ-साथ महाविद्यालय की सभी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी महाविद्यालय में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर उत्कृष्ट शैक्षणिक परिणाम हासिल करें।
इस कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. रश्मि सेलवाल द्वारा किया गया। दीक्षारम्भ समारोह में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

