बेरीनाग में द्वितीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रीमियर लीग का आयोजन, होनहार छात्र-छात्राएं हुए सम्मानित।

बेरीनाग संवाददाता।
बेरीनाग। अटल उत्कृष्ट राजकीय इण्टर कॉलेज बेरीनाग में “द्वितीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रीमियर लीग 2026-27” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. धनी राम गवासीकोटी ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं को दैनिक जीवन में विज्ञान के महत्व और वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के उद्देश्य और भविष्य में इसकी प्रासंगिकता पर ब्लॉक विज्ञान समन्वयक जगजीवन प्रसाद ने विस्तार से जानकारी दी। पूर्व ब्लॉक समन्वयक प्रदीप जोशी ने अपने अनुभव साझा करते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन ब्लॉक सह समन्वयक सुंदर सिंह महरा द्वारा किया गया।
दो चरणों में हुई कड़ी प्रतिस्पर्धा
प्रतियोगिता दो वर्गों—जूनियर वर्ग (कक्षा 6 से 8) और सीनियर वर्ग (कक्षा 9 से 12) में आयोजित की गई। पहले चरण में लिखित परीक्षा तथा दूसरे चरण में क्विज़ प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। दोनों चरणों के संयुक्त अंकों के आधार पर अंतिम परिणाम घोषित किए गए:
सीनियर वर्ग:
प्रथम: उमेश कुमार (रा.इ.का. राईआगर)
द्वितीय: प्रियांशु जोशी (हिमालय इण्टर कॉलेज चौकोड़ी)
तृतीय: कनिष्का नेवालिया (रा.इ.का. चौड़मन्या)
जूनियर वर्ग:
प्रथम: चन्द्र प्रकाश जोशी (रा.उ.मा.वि. खोलागाँव)
द्वितीय: अंश धानिक (साधना इण्टर कॉलेज खितौली)
तृतीय: अनुष्का (अ.उ.रा.इ.का. जामुकाथल)
जनपदीय प्रतियोगिता में करेंगे प्रतिनिधित्व
प्रत्येक वर्ग में प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र आगामी जनपदीय प्रतियोगिता में बेरीनाग विकासखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। मध्यांतर में सभी शिक्षकों व प्रतिभागियों को जलपान कराया गया और स्मृति स्वरूप पेन बांटे गए। अंत में स्थान प्राप्त विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया और कार्यक्रम का समापन हुआ।

