UKSSSC ने जारी की पटवारी-लेखपाल भर्ती की औपबंधिक श्रेष्ठता सूची, 668 अभ्यर्थी चयनित।

देहरादून न्यूज़ डैस्क।
देहरादून। उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने स्नातक स्तरीय भर्ती प्रक्रिया के तहत राजस्व उपनिरीक्षक (पटवारी) और राजस्व उपनिरीक्षक (लेखपाल) पदों के लिए अभिलेख सत्यापन (Document Scrutiny) हेतु 668 अभ्यर्थियों की औपबंधिक श्रेष्ठता सूची अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दी है। यह परिणाम विज्ञापन संख्या 70/2025 के अंतर्गत कुल 416 पदों के सापेक्ष घोषित किया गया है।
भर्ती परीक्षा का पूरा विवरण
- विज्ञापित पद: 416 (पटवारी एवं लेखपाल)
- लिखित परीक्षा: 14 जून 2026
- शारीरिक परीक्षा (PET/PST): 06 एवं 07 अगस्त 2026
- अभिलेख सत्यापन हेतु चयनित अभ्यर्थी: 668
- आधिकारिक वेबसाइट: www.sssc.uk.gov.in
आगे की प्रक्रिया और दिशा-निर्देश
अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर प्रोविजनल मेरिट लिस्ट में अपना परिणाम देख सकते हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि चयनित अभ्यर्थियों के डॉक्यूमेंट स्क्रूटनी की तिथि और पदों की वरीयता (Post Preference) भरने से संबंधित ऑनलाइन लिंक जल्द ही वेबसाइट पर अलग से उपलब्ध कराया जाएगा।
हाईकोर्ट के निर्णय के अधीन रहेगा परिणाम
आयोग के अनुसार, यह औपबंधिक श्रेष्ठता सूची माननीय उच्च न्यायालय, उत्तराखण्ड में दायर रिट याचिका संख्या 2127/2026 (गंभीर सिंह एवं अन्य बनाम उत्तराखण्ड राज्य एवं अन्य) में पारित होने वाले अंतिम निर्णय के अधीन रहेगी। आयोग ने सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे आगामी अपडेट्स और निर्देशों के लिए समय-समय पर आधिकारिक वेबसाइट चेक करते रहें।

