श्री नंदा राजराजेश्वरी बड़ी जात: तीसरे पड़ाव पर पहुंचीं मां नंदा की तीनों डोलियां, जगह-जगह भव्य स्वागत।

हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट
थराली/नंदाधाम कुरूड़: नंदा सिद्धपीठ कुरूड़ से कैलाश यात्रा पर निकली श्री नंदा राजराजेश्वरी बड़ी जात यात्रा के तहत मां नंदा देवी की तीनों डोलियां (बधाण, दशोली और बण्ड) अपने-अपने तीसरे पड़ाव पर पहुंच गई हैं। यात्रा मार्ग में हर तरफ श्रद्धालुओं का भारी उत्साह देखने को मिल रहा है, जहां भक्तों ने भेट-पवाड़ा चढ़ाकर और पूजा-अर्चना कर मन्नतें मांगीं।
डोलियों की यात्रा स्थिति और आगामी पड़ाव
बधाण की उत्सव डोली: उस्तोली गांव से सरपाणी और लाखी होते हुए 8 किमी की पैदल यात्रा तय कर देर शाम तीसरे पड़ाव भेटी गांव पहुंची, जहां द्वारी माता की पूजा शुरू हुई।
अगला पड़ाव: मंगलवार को भेंटी से स्यारी व बंगाली होते हुए 15 किमी पैदल चलकर थराली के सोल डुंग्री गांव (चौथा पड़ाव) पहुंचेगी।
पूजा संपन्न कराने वाले: मंदिर समिति अध्यक्ष नरेश गौड़, पूर्व अध्यक्ष मनशा राम गौड़, राजेश गौड़, कन्हैया प्रयास गौड़, बची राम गौड़ और योगेश्वर प्रसाद गौड़।
- दशोली की डोली: दूसरे पड़ाव लुणतरा से काण्डा, खुनाणा, लामसोड़ा, माणखी, चोपड़ा कोट व घारी होते हुए 20 किमी की दूरी तय कर कांडई गांव पहुंची।
- विशेष आकर्षण: यात्रा में साथ चल रहे 2 चौसिंगा खांडू भक्तों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं, जिनकी पूजा-अर्चना और चढ़ावे के लिए भीड़ उमड़ रही है।
- अगला पड़ाव: मंगलवार को कांडई से रवाना होकर खलतरा, बैठा व चाका होते हुए 15 किमी दूर सेमा गांव पहुंचेगी।
- बण्ड की डोली: बटुला गांव से शेकोट और ल्वांह होते हुए 6 किमी की यात्रा कर तीसरे पड़ाव दिगोली गांव स्थित नंदा देवी मंदिर पहुंची, जहां विशेष पूजा शुरू की गई।
- अगला पड़ाव: मंगलवार को दिगोली से रवाना होकर क्योठा, गडोरा, मल्ला व अक्थला होते हुए नोरख गांव पहुंचेगी।
श्री नंदादेवी राजराजेश्वरी बड़ी जात आयोजन समिति के अध्यक्ष कर्नल हरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि सिद्धपीठ कुरूड़ से निकली डोलियों का जगह-जगह भव्य स्वागत हो रहा है। देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु संपर्क कर रहे हैं और आने वाले दिनों में भक्तों की संख्या में और भारी बढ़ोतरी की संभावना है।

