FEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhpputtarakhand

पिथौरागढ़: कमजोर नेटवर्क पर डीएम सख्त, टेलीकॉम कंपनियों को लगाई कड़ी फटकार; दिए कड़े निर्देश।

पिथौरागढ़ संवाददाता। 

​पिथौरागढ़। जनपद में लगातार आ रही खराब नेटवर्क की शिकायतों पर सख्त रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने सेवा प्रदाता कंपनियों के प्रतिनिधियों को कड़ी फटकार लगाई है। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला टेलीकॉम समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम ने साफ कहा कि जब जनता सेवाओं का पूरा भुगतान कर रही है, तो उन्हें गुणवत्तापूर्ण संचार सुविधा देना कंपनियों का नैतिक और कानूनी दायित्व है।

​बैठक के दौरान डीएम ने बीएसएनल के उपखंड अधिकारी को सभी प्राइवेट व सरकारी टेलीकॉम कंपनियों (बीएसएनएल, जियो, एयरटेल, वीआई) के साथ तालमेल बिठाकर व्यवस्था में तत्काल सुधार के निर्देश दिए।

  • ​बैठक के प्रमुख बिंदु और निर्देश:

​सामरिक महत्व और आपदा प्रबंधन: पिथौरागढ़ दो देशों की सीमाओं से लगा सामरिक दृष्टि से संवेदनशील जिला है। डीएम ने सचेत किया कि आपदा या आपात स्थिति में नेटवर्क बाधित होने से अति-आवश्यक कार्य प्रभावित होते हैं, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ढिलाई बरतने वाले अफसरों व कंपनियों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

  • ​बीएसएनएल टावरों की समीक्षा: बीएसएनएल उपखंड अधिकारी आशीष कुमार ने बताया कि जिले में स्वीकृत 95 में से 62 टावर स्थापित कर सेवाएं शुरू कर दी गई हैं। डीएम ने शेष टावरों को जल्द से जल्द चालू करने के आदेश दिए।
  • ​गूंजी मैराथन और पर्यटन क्षेत्र का प्लान: गूंजी में प्रस्तावित ‘हाई एल्टीट्यूड अल्ट्रा मैराथन’, आदि कैलाश और कैलाश मानसरोवर यात्रा के बढ़ते पर्यटन को ध्यान में रखते हुए गूंजी व आसपास के क्षेत्रों के लिए स्थायी नेटवर्क प्लान बनाने को कहा गया है।
  • ​वाइब्रेंट विलेज योजना: केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत सीमांत गांवों में संचार नेटवर्क को मजबूत करने पर विशेष जोर देने के निर्देश दिए गए।

​बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर दिनेश वर्मा सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे, जबकि टेलीकॉम कंपनियों के प्रतिनिधि वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

Share This News