बेरीनाग के खितोली गांव में स्ट्रीट लाइटें खराब होने से पसरा अंधेरा, गुलदार की दहशत के बीच नगर पालिका बेपरवाह।

बेरीनाग संवाददाता।
बेरीनाग। नगर पालिका क्षेत्र के अंतर्गत खितोली गांव में पिछले कई दिनों से पोल लाइटें बंद पड़ी हैं, जिससे क्षेत्र में अंधेरा पसरा हुआ है और ग्रामीणों में भारी रोष है। लाइटें न जलने के कारण रात के समय इलाके में बाघ (गुलदार) की आमद का खतरा बढ़ गया है।
खितोली निवासी निखिल पंत ने बताया कि शनिवार, 19 सितम्बर की देर शाम उनके आवास के पास लगे बिजली के पोल की लाइट में अचानक आग लग गई। इसके बाद आसपास के सभी पोलों की लाइटें पूरी तरह खराब हो गईं। घटना की तत्काल सूचना नगर पालिका को दी गई थी, लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी पालिका प्रशासन ने इसकी कोई सुध नहीं ली है।
प्रशासन की इस लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए निखिल पंत ने कहा कि शाम ढलते ही पूरे क्षेत्र में घना अंधेरा छा जाता है, जिससे जंगली जानवरों, खासकर बाघ का डर बना हुआ है और लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। स्थानीय निवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से मामले की गंभीरता को समझते हुए जल्द से जल्द खराब लाइटों को ठीक कराने की मांग की है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
बेरीनाग के खितौली वार्ड मे स्ट्रीट लाईट खराब होने की जानकारी मिली है यहा की स्ट्रीट लाइट ठीक करायी जा रही है।
मिनाक्षी बरदोला
अधिशासी अधिकारी बेरीनाग।

