पिथौरागढ़ में मूसलाधार बारिश के चलते भूस्खलन का खतरा, पुलिस ने एचोली और घाट में वाहनों को रोककर यात्रियों को किया अलर्ट।

पिथौरागढ़ संवाददाता।
पिथौरागढ़: जिले में लगातार हो रही तेज बारिश के कारण पहाड़ी मार्गों पर भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। घाट चौकी क्षेत्र में लैंडस्लाइड की गंभीर आशंका को देखते हुए कोतवाली पिथौरागढ़ और चौकी घाट पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई है। पुलिस प्रशासन द्वारा चौकी एचोली और चौकी घाट पर चेकिंग अभियान चलाकर वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर रोका जा रहा है तथा यात्रियों को सुरक्षा संबंधी दिशानिर्देश दिए जा रहे हैं।
यातायात को नियंत्रित करने के साथ-साथ पुलिसकर्मी यात्रियों को संवेदनशील पहाड़ी मार्गों की स्थिति से अवगत करा रहे हैं। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से पूरी तरह बचें। यदि मार्ग पर कहीं भी पत्थर या मलबा गिर रहा हो, तो जान जोखिम में डालकर आगे बढ़ने का प्रयास न करें और सुरक्षित स्थान पर ही रुकें।
पिथौरागढ़ पुलिस ने आम जनता और पर्यटकों से अनुरोध किया है कि बेहद जरूरी काम होने पर ही यात्रा की योजना बनाएं। सफर शुरू करने से पहले मौसम पूर्वानुमान और सड़कों की वर्तमान स्थिति की जानकारी अवश्य जुटा लें। पुलिस का कहना है कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए टीमें लगातार मुस्तैद हैं।

