आशा वर्करों ने सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा: मांगें पूरी न होने पर 22 नवंबर को मुख्यमंत्री आवास घेराव की चेतावनी।

बेरीनाग संवाददाता
बेरीनाग / देहरादून उत्तराखण्ड आशा हेल्थ वर्कर्स यूनियन (संबद्ध: ऐक्टू/AICCTU) ने न्यूनतम वेतन, पेंशन और नियमितीकरण सहित विभिन्न मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। मंगलवार को आशा कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों के समर्थन में धरना-प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन भेजा। कार्यकर्ताओं ने साफ चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की, तो 24 अक्टूबर 2026 को सभी जिला मुख्यालयों पर व्यापक प्रदर्शन किया जाएगा तथा 22 नवंबर 2026 को हजारों की संख्या में आशा वर्कर देहरादून पहुंचकर मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगी। इसके बाद भी समाधान न होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी।

खटीमा में किए गए वादे की दिलाई याद
ज्ञापन में कार्यकर्ताओं ने याद दिलाया कि 31 अगस्त 2021 को लंबे आंदोलन के बाद खटीमा कैंप कार्यालय में मुख्यमंत्री के साथ वार्ता हुई थी, जिसमें डीजी हेल्थ द्वारा प्रस्तावित 11,500 रुपये प्रतिमाह मानदेय लागू करने का वादा किया गया था। पांच साल से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी यह वादा पूरा नहीं हुआ है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग की रीढ़ होने और मातृ-शिशु सुरक्षा के अभियानों को रात-दिन संचालित करने के बावजूद उन्हें दैनिक मजदूर से भी कम पैसा मिल रहा है, जो बेहद अन्यायपूर्ण है।
प्रमुख मांगें:
खटीमा में किए गए वादे के अनुसार 11,500 रुपये मासिक मानदेय का प्रस्ताव तत्काल लागू किया जाए।
आशाओं को न्यूनतम वेतन, राज्य कर्मचारी का दर्जा और सेवानिवृत्ति के बाद आजीवन पेंशन देने हेतु विधानसभा से प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजा जाए।
सेवानिवृत्ति (रिटायरमेंट) पर 10 लाख रुपये की एकमुश्त धनराशि प्रदान की जाए।
नेशनल हेल्थ मिशन (NHM) का बजट बढ़ाया जाए और इसमें एनजीओ की भूमिका समाप्त कर कार्य स्वास्थ्य विभाग द्वारा कराए जाएं।
मनमाने बहाने बनाकर आशा कार्यकर्ताओं की छंटनी बंद की जाए।
सरकारी अस्पतालों में आशाओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश जारी किए जाएं।
सभी सरकारी अस्पतालों में विशेषज्ञ डॉक्टरों के रिक्त पदों को शीघ्र भरा जाए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान ब्लॉक बेरीनाग की अध्यक्ष सावित्री पंत, उपाध्यक्ष मुन्नी टम्टा सहित रीना मेहता, मंजुला नेगी, पूनम रौतेला, सोनी देवी, शान्ती धानिक, पुष्पा सानी, मीना खनका, तारा आर्या, लीला राठौर, आनन्दी बोरा, पार्वती डोबाल, आशा देवी, हंसा देवी, विमला देवी, सीमा मेहरा, दया कार्की, हेमा बाफिला, बसन्ती देवी, चम्पा बाफिला और गोविन्दी देवी समेत अनेक आशा कार्यकर्ता मौजूद रहीं।

