राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बेरीनाग में ‘जियोपार्क अभियान’ पर कार्यशाला आयोजित, काफल हिल के साथ हुआ एमओयू।

बेरीनाग संवाददाता।
बेरीनाग। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बेरीनाग में इतिहास विभाग के तत्वावधान में ‘जियोपार्क अभियान’ को लेकर एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। प्राचार्य प्रो. बी.एम. पाण्डेय की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को क्षेत्र की भू-वैज्ञानिक, ऐतिहासिक, पुरातात्विक एवं प्राकृतिक विरासत से परिचित कराना और उनके संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा। इस अवसर पर महाविद्यालय और काफल हिल के बीच प्रकृति आधारित गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए एक समझौता ज्ञापन (MoU) भी किया गया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए प्राचार्य प्रो. बी.एम. पाण्डेय ने कहा कि किसी भी क्षेत्र की वास्तविक पहचान उसकी प्राकृतिक, भू-वैज्ञानिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर से होती है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ अपने आसपास के परिवेश का वैज्ञानिक अध्ययन करने के अवसर मिलने चाहिए। ‘जियोपार्क अभियान’ अनुभव आधारित शिक्षण का एक सशक्त माध्यम बनेगा।
कार्यक्रम में विषय विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों के साथ सीधा संवाद किया:
काफल हिल के प्रतिनिधि तरुण मेहरा ने विद्यार्थियों को प्रकृति के दस्तावेजीकरण और संरक्षण से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने महाविद्यालय के छात्रों के लिए प्रकृति आधारित शैक्षणिक भ्रमण एवं अध्ययन कार्यक्रमों में सहयोग देने की प्रतिबद्धता जताई।
दिल्ली विश्वविद्यालय के भू-विज्ञानी प्रो. प्रभास पांडे ने स्थानीय चट्टानों, भू-आकृतियों और जल स्रोतों के वैज्ञानिक इतिहास को समझने पर बल दिया।
पुरातत्व विशेषज्ञ प्रो. पार्थ चौहान (मोहाली) ने कहा कि प्राकृतिक विरासत के साथ-साथ मानव सभ्यता के पुरातात्विक अवशेष भी क्षेत्र की पहचान हैं, जिनका अध्ययन आवश्यक है।
डॉ. रवीश लाल ने पर्यावरण और स्थानीय विरासत के अंतर्संबंधों पर प्रकाश डालते हुए छात्रों को क्षेत्रीय स्तर पर छोटे शोध कार्य शुरू करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम संयोजक एवं इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ. सुनील पंत ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि इतिहास सिर्फ किताबों तक सीमित नहीं है, बल्कि हमारे आसपास की प्रकृति और पुरातात्विक साक्ष्यों में भी इसकी परतें मौजूद हैं। उन्होंने भू-विज्ञान, इतिहास और पर्यावरण जैसे विषयों के समन्वित अध्ययन (इंटरडिसिप्लिनरी अप्रोच) की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यशाला में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी, विभिन्न शोधार्थी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

