सड़क मरम्मत में घटिया सामग्री पर भड़के डीएम, लोक निर्माण विभाग को लगाई कड़ी फटकार।

पिथौरागढ़ संवाददाता।
- पिथौरागढ़–मुनाकोट मार्ग पर गड्ढा भरान कार्य का किया औचक निरीक्षण
- मानकों की अनदेखी पर जताई नाराजगी, सख्त कार्रवाई की दी चेतावनी
पिथौरागढ़। जनपद में मानसून के बाद चलाए जा रहे ‘गड्ढा मुक्त सड़क अभियान’ की जमीनी हकीकत परखने के लिए जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाई ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पिथौरागढ़–मुनाकोट मार्ग पर सड़क मरम्मत में इस्तेमाल हो रही सामग्री की गुणवत्ता बेहद खराब मिलने पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई और लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मौके पर पहुंचकर सड़क की स्थिति, चल रहे पैचवर्क और उसमें प्रयुक्त निर्माण सामग्री की गहन जांच की। उन्होंने पाया कि गड्ढा भरान में इस्तेमाल सामग्री निर्धारित तकनीकी मानकों पर खरी नहीं उतर रही है। इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए डीएम ने निर्देश दिए कि मरम्मत में इस्तेमाल होने वाला मटीरियल प्लांट से तय मानकों और प्रक्रिया के अनुसार तैयार करके ही मौके पर लाया जाए, ताकि सड़कें टिकाऊ और मजबूत बन सकें।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सड़कों को दुरुस्त करने के अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही या घटिया गुणवत्ता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को फील्ड में रहकर नियमित जांच और प्रभावी निगरानी के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि निर्माण कार्य में मानकों का उल्लंघन या ढिलाई पाई गई, तो संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

