बेरीनाग और चौकोड़ी में बिजली-पानी कनेक्शन की समस्या पर विधायक फकीर राम टम्टा ने डीएम को लिखा पत्र।

बेरीनाग संवाददाता।
बेरीनाग। गंगोलीहाट विधानसभा क्षेत्र के विधायक फकीर राम टम्टा ने बेरीनाग और चौकोड़ी क्षेत्र में स्थानीय निवासियों को बिजली और पानी के नए कनेक्शन न मिलने की समस्या को लेकर पिथौरागढ़ जिलाधिकारी को पत्र प्रेषित किया है।
विधायक ने पत्र के माध्यम से जिलाधिकारी का ध्यान आकर्षित करते हुए बताया कि गंगोलीहाट विधानसभा के अंतर्गत बेरीनाग और चौकोड़ी क्षेत्र में स्थानीय नागरिकों के आवासीय मकान कई दशकों से बने हुए हैं। हालांकि, वर्तमान समय में विद्युत विभाग और जल संस्थान द्वारा इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बिजली व पानी के नए कनेक्शन देने से मना किया जा रहा है, जिससे जनता को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
विधायक फकीर राम टम्टा ने जनहित को ध्यान में रखते हुए बुनियादी सुविधाओं की अनिवार्यता पर जोर दिया। उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की है कि वह अपने स्तर से संबंधित विभागों को शीघ्र निर्देश जारी करें ताकि प्रभावित निवासियों को बिना किसी अड़चन के बिजली और पानी के कनेक्शन उपलब्ध कराए जा सकें।

