डायट गौचर में नवनियुक्त एलटी शिक्षकों का पांच दिवसीय प्रेरण प्रशिक्षण शुरू, मुख्य शिक्षा अधिकारी ने किया उद्घाटन।

थराली (हरेंद्र बिष्ट)। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) गौचर में नवनियुक्त एलटी शिक्षकों के लिए आयोजित पांच दिवसीय प्रेरण अभिमुखीकरण प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ चमोली के मुख्य शिक्षा अधिकारी आकाश सारस्वत ने किया।
शिविर का उद्घाटन करते हुए मुख्य शिक्षा अधिकारी आकाश सारस्वत ने कहा कि इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य नवनियुक्त शिक्षकों को प्रभावी अध्यापन, विद्यालयी व्यवस्था और शिक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों से रूबरू कराना है, जिससे वे शिक्षण कार्य को अधिक प्रभावी बना सकें। वहीं, कर्णप्रयाग के खंड शिक्षा अधिकारी ने आशा व्यक्त की कि प्रतिभागी शिक्षक प्रशिक्षकों द्वारा दी जा रही महत्वपूर्ण जानकारियों को भलीभांति ग्रहण कर अपने कार्यक्षेत्र में लागू करेंगे।
कार्यक्रम समन्वयक बचन जितेला ने प्रशिक्षण की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि शिविर के दौरान शिक्षकों को विद्यालयी शिक्षा की संरचना, राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020), पाठ्यचर्या, शिक्षण-पद्धतियों, आकलन प्रणाली, विद्यालय प्रबंधन तथा शिक्षक की भूमिका से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रशिक्षित किया जाएगा।
प्रथम दिवस की शुरुआत उद्घाटन, पंजीकरण और प्रशिक्षण के उद्देश्यों को साझा करने के साथ हुई। पांच दिनों तक चलने वाले इस शिविर में शिक्षकों को समय एवं कक्षा प्रबंधन, उत्तराखंड कर्मचारी आचरण नियमावली, छात्रवृत्तियां एवं विद्यालयी अभिलेख, प्रश्नपत्र निर्माण, बाल-केंद्रित एवं अनुभवात्मक शिक्षण और नवीन पाठ्यपुस्तकों के अभिमुखीकरण की जानकारी दी जाएगी। इसके अतिरिक्त समावेशी शिक्षा, जेंडर संवेदीकरण, विद्यालय सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन, अभिभावक-समुदाय सहभागिता, गुणवत्ता शिक्षा के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म, शैक्षिक हस्तक्षेप तथा नशामुक्ति व तनाव प्रबंधन जैसे व्यावहारिक विषयों पर भी सत्र आयोजित होंगे।
उद्घाटन सत्र में डायट के वरिष्ठ संकाय सदस्य राजेंद्र प्रसाद मैखुरी, अटल उत्कृष्ट राइका सिमली के प्रधानाचार्य देवदत्त शर्मा, डॉ. कमलेश कुमार मिश्र, सुबोध कुमार डिमरी, गोपाल प्रसाद कपरुवाण, प्रकाश चंद्र गैड़ी, वीरेंद्र मोहन तिवारी एवं सुमन भट्ट ने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन समन्वयक बचन जितेला ने किया।

