FEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhpputtarakhand

जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य, शुद्धता और समयबद्धता से करें दायित्वों का निर्वहन: डीएम आशीष भटगांई।

पिथौरागढ़ संवाददाता। 

  • ​राजकीय इंटर कॉलेज में चल रहे द्वितीय चरण के प्रशिक्षण का जिलाधिकारी ने किया औचक निरीक्षण
  • ​प्रगणकों और सुपरवाइजरों को दिए तकनीकी पहलुओं को गंभीरता से समझने के निर्देश

​पिथौरागढ़। जनपद में जनगणना के द्वितीय चरण को त्रुटिरहित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से सरस्वती देव सिंह राजकीय इंटर कॉलेज में प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों का त्रिदिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दूसरे दिन शुक्रवार को जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने केंद्र का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

​प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने कहा कि जनगणना केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि देश के भविष्य की नींव है। इसके माध्यम से संकलित सटीक आंकड़े ही आगामी विकास योजनाओं के निर्माण, संसाधनों के उचित आवंटन और जनकल्याणकारी नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन का आधार बनते हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय महत्व के इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।

​जिलाधिकारी ने कार्मिकों से कहा कि जनगणना में शुद्धता, पारदर्शिता और समयबद्धता सबसे अहम कड़ी है। धरातल पर कार्य करते समय किसी तकनीकी या व्यावहारिक समस्या का सामना न करना पड़े, इसके लिए सभी प्रगणक व सुपरवाइजर प्रशिक्षण के दौरान ही अपनी प्रत्येक शंका का समाधान कर लें। उन्होंने निर्धारित दिशा-निर्देशों और प्रोटोकॉल का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के साथ ही आपसी समन्वय बनाकर काम करने पर जोर दिया।

​इस दौरान उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा, तहसीलदार विजय गोस्वामी, जीआईसी के प्रधानाचार्य बहादुर सिंह सहित राजस्व विभाग के अधिकारी व बड़ी संख्या में प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।

Share This News